
रायपुर, 20 फरवरी।छत्तीसगढ़ में स्कूल शिक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए राज्य सरकार ने सहायक शिक्षक, शिक्षक, व्याख्याता एवं सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला) के कुल 5,000 पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया है। इन पदों के लिए भर्ती का विज्ञापन शीघ्र ही जारी किया जाएगा।
शासन ने परीक्षा आयोजन की जिम्मेदारी छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) को सौंप दी है। विभाग द्वारा विज्ञापन जारी करने से संबंधित सभी औपचारिकताएं पूरी कर आवश्यक दस्तावेज व्यापम को उपलब्ध करा दिए गए हैं। यह भर्ती प्रक्रिया फरवरी 2026 से प्रारंभ होने जा रही है।
मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार यह पहल राज्य के विभिन्न शासकीय विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को दूर करने के उद्देश्य से की जा रही है। चयन लिखित परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा। भर्ती से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश आगामी दिनों में जारी किए जाएंगे।
इस भर्ती अभियान से न केवल हजारों युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे, बल्कि प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। खास बात यह है कि इसमें विभिन्न शैक्षणिक योग्यताओं के अनुरूप व्याख्याता, शिक्षक, सहायक शिक्षक तथा प्रयोगशाला सहायक जैसे पद शामिल किए गए हैं, जिससे व्यापक वर्ग के अभ्यर्थियों को अवसर मिल सकेगा।
उल्लेखनीय है कि स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा संचालित शिक्षक सीधी भर्ती 2023 के अंतर्गत सहायक शिक्षक पद के पांचवें चरण की प्रक्रिया भी पूर्ण हो चुकी है। माननीय न्यायालय के निर्देशानुसार सेवा समाप्त किए गए 2,621 बी.एड. अर्हताधारियों के स्थान पर डी.एड. अर्हताधारी अभ्यर्थियों को नियुक्ति का अवसर प्रदान किया गया है।
CG News | Chhattisgarh News Hindi News Updates from Chattisgarh for India