बगिया में आत्मीयता के साथ मना मुख्यमंत्री साय का जन्मदिन


जशपुर/रायपुर, 21 फरवरी। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का 62वां जन्मदिवस उनके गृहग्राम बगिया में पारिवारिक स्नेह, जनउत्साह और सेवा भाव के साथ हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अपने निवास पहुंचते ही माता श्रीमती जसमनी देवी के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया, जिससे कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक एवं भावनात्मक वातावरण में हुई।
श्री साय को दिनभर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, दीर्घ और सफल जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री ने सभी के स्नेह और शुभेच्छाओं के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का विश्वास और प्रेम ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।
श्री राम सदन में सत्यनारायण व्रत कथा
जन्मदिवस के अवसर पर बगिया स्थित श्री राम सदन में सत्यनारायण व्रत कथा का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री, उनकी माताजी श्रीमती जसमनी देवी, धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय और परिवार के अन्य सदस्यों ने श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ कथा श्रवण किया तथा प्रदेश की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।
बालक आश्रम में बच्चों संग आत्मीय संवाद
मुख्यमंत्री ने अपने जन्मदिन को जशपुर स्थित बालक आश्रम के बच्चों के बीच भी मनाया। उनके पहुंचते ही बच्चों में उत्साह की लहर दौड़ गई। मुख्यमंत्री ने बच्चों से आत्मीय मुलाकात कर उनके साथ समय बिताया। इस दौरान वे एक जनप्रतिनिधि से अधिक एक स्नेही अभिभावक की तरह बच्चों के बीच नजर आए, जिससे यह दिन बच्चों के लिए यादगार बन गया।
रायपुर में रक्तदान शिविर का शुभारंभ
राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास परिसर में आयोजित रक्तदान शिविर का भी मुख्यमंत्री ने शुभारंभ किया। इस अवसर पर भगवान धन्वंतरि की पूजा-अर्चना कर रक्तदाताओं का सम्मान किया गया। शिविर में 62 यूनिट रक्तदान की विशेष व्यवस्था की गई थी, जिसका आयोजन अल्फा ग्लोब फाउंडेशन, रायपुर और शिवनाथ ब्लड सेंटर के सहयोग से किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि “रक्तदान महादान है” और यह मानवता की सर्वोच्च सेवा है। उन्होंने युवाओं से वर्ष में कम से कम एक बार रक्तदान करने और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की। शिविर में रक्तदाताओं को प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए, जिससे आवश्यकता पड़ने पर वे या उनके परिजन निःशुल्क रक्त प्राप्त कर सकेंगे।
उल्लेखनीय है कि आयोजन से जुड़ी संस्था ने एक वर्ष में लगभग 11 हजार यूनिट रक्त संग्रह का संकल्प लिया है तथा जरूरतमंदों को निःशुल्क रक्त उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न ब्लड बैंकों से समन्वय स्थापित करने की योजना बनाई है। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षित यातायात जागरूकता अभियान भी चलाया गया।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव, सीजीएमएससी के चेयरमैन श्री दीपक म्हस्के, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष श्री नीलू शर्मा सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।




