MainSlideछत्तीसगढ़ब्रेकिंग न्यूजराज्य

छत्तीसगढ़ बजट 2026-27 ऐतिहासिक और जन-आकांक्षाओं के अनुरूप : किरण देव

रायपुर24 फरवरी। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में विधानसभा में प्रस्तुत वर्ष 2026-27 के बजट का स्वागत करते हुए इसे राज्य की जनता की उम्मीदों को साकार करने वाला दूरदर्शी और विकासोन्मुख दस्तावेज बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट छत्तीसगढ़ को समृद्ध, आत्मनिर्भर और निवेश के लिए आकर्षक राज्य बनाने की दिशा में एक ठोस पहल है।

श्री देव ने कहा कि बजट में समावेशी विकास, क्षेत्रीय संतुलन, मजबूत आधारभूत संरचना, मानव संसाधन विकास और अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया है। यह बजट राज्य की नीतियों को ठोस परिणामों में बदलने तथा प्रत्येक नागरिक की आकांक्षाओं को उपलब्धियों में परिवर्तित करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘गारंटी’ को साकार करने वाला बजट बताते हुए कहा कि यह 2047 तक ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के लक्ष्य की दिशा में मजबूत कदम है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने बजट को ‘ज्ञान और गति का संगम’ बताते हुए कहा कि कृषक उन्नति योजना और सिंचाई परियोजनाओं के लिए किए गए प्रावधान किसानों की खुशहाली के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। बिना नए कर लगाए राजस्व वृद्धि और किसानों को समय पर इनपुट सब्सिडी उपलब्ध कराना सराहनीय है।

उन्होंने कहा कि युवाओं के कौशल विकास, स्वरोजगार और औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के उन्नयन पर दिया गया जोर रोजगार सृजन को नई दिशा देगा। ‘अटल निर्माण वर्ष’ के अंतर्गत आधारभूत ढांचे में निवेश से व्यापक रोजगार के अवसर पैदा होंगे। ‘महतारी वंदन योजना’ के प्रभावी क्रियान्वयन तथा महिलाओं के स्वरोजगार और ‘लखपति दीदी योजना’ को गति देने के प्रावधान महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं।

श्री देव ने कहा कि सड़कों, बिजली और ग्रामीण विकास के लिए बजट में किए गए बड़े प्रावधानों से राज्य के सुदूर वनांचल क्षेत्रों तक विकास की रोशनी पहुंचेगी। उन्होंने विशेष रूप से बस्तर और सरगुजा संभाग में शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए किए गए प्रावधानों पर मुख्यमंत्री श्री साय और वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का विवरण नहीं, बल्कि हर छत्तीसगढ़िया के स्वाभिमान, समृद्धि और अंत्योदय के संकल्प को साकार करने वाला विकास का रोडमैप है।

Related Articles

Back to top button