ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई के निधन पर भारत ने जताया शोक
नई दिल्ली, 05 मार्च।भारत सरकार ने ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। इस सिलसिले में भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित ईरान दूतावास का दौरा कर भारत सरकार की ओर से संवेदना प्रकट की।
विदेश सचिव मिसरी ने दूतावास में रखी शोक पुस्तिका पर हस्ताक्षर कर दिवंगत नेता के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की और इस दौरान भारत में ईरान के राजदूत मोहम्मद फथाली से भी मुलाकात की। इस मुलाकात की तस्वीरें विदेश मंत्रालय (MEA) ने जारी की हैं।
बताया जा रहा है कि अयातुल्ला अली खामेनेई का निधन 28 फरवरी को पश्चिम एशिया में हुए हमलों के दौरान हुआ था, जिन्हें इज़राइल और संयुक्त राज्य अमेरिका से जोड़ा जा रहा है। हालांकि भारत ने इस घटना पर सीधे तौर पर प्रतिक्रिया देने से परहेज किया है और पूरे पश्चिम एशिया क्षेत्र में तनाव कम करने के लिए संवाद तथा कूटनीतिक समाधान पर जोर दिया है।
इधर, भारत सरकार की प्रारंभिक चुप्पी को लेकर कई विपक्षी दलों ने सवाल उठाए थे और सरकार की कथित निष्क्रियता की आलोचना की थी। ऐसे में विदेश सचिव का ईरानी दूतावास पहुंचकर शोक पुस्तिका पर हस्ताक्षर करना कूटनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
भारत ने एक बार फिर पश्चिम एशिया में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए सभी पक्षों से संयम बरतने तथा वार्ता के रास्ते को अपनाने की अपील की है।




