MainSlideछत्तीसगढ़ब्रेकिंग न्यूजराज्य

बस्तर हेरिटेज मैराथन 2026: शांति, विकास और जनउत्साह का ऐतिहासिक संगम

जगदलपुर, 22 मार्च। बस्तर की धरती ने एक ऐतिहासिक पल का साक्षात्कार किया, जब ‘बस्तर हेरिटेज मैराथन 2026’ में अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ा। इस आयोजन में 9,800 से अधिक पंजीकृत धावकों ने भाग लेकर नया कीर्तिमान स्थापित किया। यह मैराथन केवल खेल प्रतियोगिता नहीं रही, बल्कि बस्तर में बढ़ती शांति, विकास और पुनर्वास नीतियों की सफलता का प्रतीक बनकर सामने आई।

   मैराथन की शुरुआत ऐतिहासिक लालबाग मैदान से हुई और समापन विश्व प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात के समीप हुआ, जिसे ‘भारत का नियाग्रा’ भी कहा जाता है। इस अवसर पर आयोजित समारोह में वन मंत्री केदार कश्यप ने विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि बस्तर अब तेजी से बदल रहा है और शांति की दिशा में मजबूत कदम बढ़ा चुका है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन विकसित और समृद्ध बस्तर की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा।

    कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं विधायक किरण सिंह देव ने कहा कि अबूझमाड़ हाफ मैराथन के बाद बस्तर हेरिटेज मैराथन का आयोजन क्षेत्र में शांति और विकास के नए युग की शुरुआत है। सांसद महेश कश्यप और विधायक विनायक गोयल ने भी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए आयोजन की सराहना की।

    मैराथन को समावेशी स्वरूप देने के लिए इसे 42 किमी, 21 किमी, 10 किमी और 5 किमी की श्रेणियों में आयोजित किया गया। 42 किमी की फुल मैराथन लालबाग से चित्रकोट तक, 21 किमी पोटानार तक, 10 किमी कुम्हरावंड तक और 5 किमी दौड़ लालबाग से दलपत सागर रानीघाट तक संपन्न हुई। इस आयोजन में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

   प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने के लिए प्रशासन ने 25 लाख रुपये की इनामी राशि घोषित की। साथ ही ‘बस्तर कैटेगरी’ के माध्यम से स्थानीय धावकों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा का अवसर मिला और बस्तर जिले के निवासियों के लिए पंजीकरण निःशुल्क रखा गया।

  इस आयोजन की विशेषता यह रही कि मांझी-चालकी समुदाय के लोगों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया, जिससे सामाजिक समावेशिता को बल मिला।

 कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, महापौर संजय पांडेय, ब्रेवरेज कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष श्रीनिवास राव मद्दी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष बलदेव मंडावी सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button