होली-ईद मिलन समारोह में गूंजा भाईचारे का संदेश, संवाद और मेलजोल बढ़ाने पर जोर

सुल्तानपुर, 22 मार्च। श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के तत्वावधान में आयोजित होली-ईद मिलन समारोह में पत्रकारों ने एक-दूसरे को होली और ईद की शुभकामनाएं देते हुए आपसी भाईचारे, सौहार्द और एकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक राज खन्ना ने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में प्रेम और सद्भाव को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि आजकल त्योहारों के बाद “शांतिपूर्वक सम्पन्न” होने की खबरें प्रमुखता से सामने आती हैं, जो सामाजिक बदलाव की ओर इशारा करती हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर ऐसा क्या बदल गया है कि त्योहारों को भी अब चुनौती की तरह देखा जाने लगा है।
उन्होंने आगे कहा कि आधुनिक जीवनशैली और डिजिटल माध्यमों के बढ़ते प्रभाव ने जहां सुविधाएं बढ़ाई हैं, वहीं लोगों के बीच संवाद और मेलजोल में कमी भी आई है। ऐसे में इस तरह के आयोजन समाज को जोड़ने और परंपराओं को जीवित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विशिष्ट अतिथि यूएनआई छत्तीसगढ़ के पूर्व स्टेट हेड अशोक साहू ने भी कहा कि ऐसे कार्यक्रम सामाजिक एकजुटता को मजबूत करते हैं। वहीं जिला सूचना अधिकारी डॉ. धीरेन्द्र यादव ने बदलते समय में संवाद और मेल-मिलाप की परंपरा को बनाए रखने पर जोर दिया, ताकि समाज में सकारात्मक माहौल कायम रह सके।
इस अवसर पर यूनियन के सदस्यों को अतिथियों द्वारा पहचान पत्र भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में राष्ट्रीय पार्षद जीतेंद्र श्रीवास्तव, प्रदेश परिषद सदस्य रमाकांत बरनवाल, राजेश मिश्रा, जिलाध्यक्ष संतोष यादव, महामंत्री निसार अहमद वरिष्ठ पत्रकार विजय पांडेय सहित बड़ी संख्या में पत्रकार और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




