जिन्दल स्टील का अंगुल प्लांट 12 MTPA क्षमता तक पहुंचा, 6 MTPA विस्तार पूरा

रायपुर, 24 मार्च। जिन्दल स्टील एंड पावर ने ओडिशा के अंगुल स्थित अपने एकीकृत स्टील प्लांट में 6 मिलियन टन प्रति वर्ष (MTPA) क्षमता विस्तार का कार्य पूरा कर लिया है।
इस विस्तार के तहत 3 MTPA क्षमता वाले तीसरे बेसिक ऑक्सीजन फर्नेस (BOF-3) के संचालन शुरू होने के बाद अब इस प्लांट की कुल स्टील उत्पादन क्षमता बढ़कर 12 MTPA हो गई है। इसके साथ ही यह देश के सबसे बड़े सिंगल-लोकेशन स्टील प्लांट्स में शामिल हो गया है।
कंपनी ने इस विस्तार परियोजना में BOF-2 और BOF-3 के अलावा कई महत्वपूर्ण सहायक सुविधाओं का भी विकास किया है। इनमें आधुनिक कोक ओवन, सीआरएम (कोल्ड रोलिंग मिल) कॉम्प्लेक्स और अन्य आवश्यक इंफ्रास्ट्रक्चर शामिल हैं, जो उत्पादन प्रक्रिया को अधिक कुशल और सुगम बनाएंगे।
निर्धारित समयसीमा के भीतर इस विस्तार को पूरा कर कंपनी ने अंगुल प्लांट की क्षमता 6 MTPA से दोगुनी कर 12 MTPA तक पहुंचा दी है। इस उपलब्धि के बाद कंपनी की कुल स्टील उत्पादन क्षमता बढ़कर 15.6 MTPA हो गई है, जिसमें रायगढ़ स्थित प्लांट की 3.6 MTPA क्षमता भी शामिल है।
बढ़ी हुई उत्पादन क्षमता से न केवल उत्पादन दक्षता में सुधार होगा, बल्कि संसाधनों का बेहतर उपयोग भी संभव होगा। इससे कंपनी की लागत में कमी और मुनाफे में वृद्धि की उम्मीद है। साथ ही, यह विस्तार देश में स्टील उत्पादन को मजबूती देने के साथ-साथ ‘आत्मनिर्भर भारत’ के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में भी अहम भूमिका निभाएगा।



