छत्तीसगढ़ की निकिता ने रचा इतिहास, दिलाया पहला स्वर्ण पदक

रायपुर, 28 मार्च।खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 में छत्तीसगढ़ की बेटी निकिता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य को पहला स्वर्ण पदक दिलाकर इतिहास रच दिया है।
राजधानी स्थित पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में निकिता ने महिला 77 किलोग्राम भारोत्तोलन वर्ग में कुल 160 किलोग्राम वजन उठाकर प्रथम स्थान हासिल किया।
निकिता का प्रदर्शन पूरे मुकाबले के दौरान बेहद संतुलित और प्रभावशाली रहा। उन्होंने स्नैच में 70 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 90 किलोग्राम वजन उठाते हुए अपने प्रतिद्वंद्वियों को काफी पीछे छोड़ दिया। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल उन्हें स्वर्ण पदक दिलाया, बल्कि छत्तीसगढ़ के लिए खेलों में दमदार शुरुआत भी सुनिश्चित की।
इस प्रतियोगिता में दूसरा स्थान ओडिशा की श्रीमती जानी को मिला, जिन्होंने कुल 126 किलोग्राम वजन उठाया, जबकि असम की जॉयश्री पाटिर 118 किलोग्राम के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर निकिता को बधाई देते हुए उनके प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि निकिता की यह जीत केवल एक पदक नहीं, बल्कि प्रदेश की बेटियों के साहस, कड़ी मेहनत और बड़े सपनों का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने निकिता के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि पूरे छत्तीसगढ़ को उन पर गर्व है।



