MainSlideखास ख़बरब्रेकिंग न्यूजराजनीति

केरल में गरजे मोदी : यूडीएफ-एलडीएफ पर भ्रष्टाचार के लगाए आरोप

पलक्कड़ (केरल), 29 मार्च।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को केरल में एक चुनावी रैली के दौरान यूडीएफ और एलडीएफ पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि इन दोनों गठबंधनों ने दशकों तक राज्य में भ्रष्टाचार किया और राजनीतिक अवसरवादिता में लिप्त रहे।

    राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि एलडीएफ और यूडीएफ ने मिलकर केरल को लंबे समय तक नुकसान पहुंचाया है और राज्य को विकास से वंचित रखा है। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि दोनों ही गठबंधनों के आरोप-प्रत्यारोप से सावधान रहने की जरूरत है।

    प्रधानमंत्री मोदी ने दावा किया कि केरल में अब बदलाव की लहर दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि राज्य के युवा, महिलाएं और किसान बड़ी संख्या में भाजपा के समर्थन में आ रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा के नेतृत्व वाला राजग आगामी चुनावों में केरल में सरकार बनाएगा।

    उन्होंने कहा, “टीम भाजपा और टीम राजग मिलकर केरल में सरकार बनाएंगे और राज्य के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेंगे।” इसके साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा दी गई निधियों के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि यह जनता का पैसा था, जिसे गलत तरीके से इस्तेमाल किया गया।

    प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि यूडीएफ और एलडीएफ भाजपा के बढ़ते प्रभाव से घबराए हुए हैं, क्योंकि उनके कथित गलत काम अब सामने आ रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि राजग को मौका मिलता है, तो लूटे गए धन को वापस लाकर राज्य के विकास में लगाया जाएगा।

   अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने पलक्कड़ की प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक विरासत की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र केरल का प्रवेश द्वार माना जाता है और यहां की हरियाली, परंपराएं और मेहनती लोग इसे खास बनाते हैं। उन्होंने कल्पथी मंदिर का उल्लेख करते हुए इसे काशी से जोड़कर अपनी विशेष भावनाएं व्यक्त कीं।

   इसके अलावा, प्रधानमंत्री ने केरल की समृद्ध सामाजिक और आध्यात्मिक परंपरा को नमन करते हुए श्री नारायण गुरु, चट्टम्पी स्वामीकल, मन्नथु पद्मनाभन, महात्मा अय्यंकाली और संत कुरियाकोस एलियास चावरा जैसे महान संतों और समाज सुधारकों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि इन विभूतियों ने केरल के सामाजिक जीवन और चेतना को नई दिशा दी है।

Related Articles

Back to top button