खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स: छत्तीसगढ़ ने महिला फुटबॉल में जीता स्वर्ण

रायपुर, 02 मार्च।खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के तहत स्वामी विवेकानंद एथलेटिक स्टेडियम, कोटा में खेले गए महिला फुटबॉल के फाइनल मुकाबले में छत्तीसगढ़ और झारखंड के बीच बेहद रोमांचक संघर्ष देखने को मिला। दोनों टीमों ने शुरुआत से ही शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए मुकाबले को आखिरी क्षण तक दिलचस्प बनाए रखा।
पहले हाफ में दोनों टीमों की ओर से कड़ी टक्कर देखने को मिली। मजबूत रक्षा पंक्ति और आक्रामक रणनीति के बावजूद कोई भी टीम गोल करने में सफल नहीं हो सकी और हाफ टाइम तक मुकाबला 0-0 की बराबरी पर रहा।
दूसरे हाफ में छत्तीसगढ़ की टीम ने अधिक आक्रामक रुख अपनाया। टीम की कप्तान किरण पिस्दा ने निर्णायक गोल दागते हुए छत्तीसगढ़ को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद टीम ने संयमित और सुदृढ़ खेल दिखाते हुए इस बढ़त को अंत तक बरकरार रखा।
अंततः छत्तीसगढ़ ने झारखंड को 1-0 से हराकर महिला फुटबॉल प्रतियोगिता का स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस जीत ने टीम के बेहतरीन तालमेल, रणनीति और खिलाड़ियों के जज्बे को उजागर किया।
मुकाबला पूरे समय दर्शकों के लिए रोमांच से भरपूर रहा और खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने सभी का दिल जीत लिया।
इस अवसर पर खेल विभाग के सचिव यशवंत कुमार, संचालक खेल एवं युवा कल्याण तनुजा सलाम, खेल विभाग के अधिकारी, आयोजन समिति के सदस्य, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।




