MainSlideछत्तीसगढ़ब्रेकिंग न्यूजराज्य

सांसद बृजमोहन अग्रवाल की फ्लाईओवर के बजाय सड़क चौड़ीकरण की मांग

रायपुर, 05 अप्रैल।रायपुर सांसद और वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पत्र लिखकर शारदा चौक से तात्यापारा चौक तक प्रस्तावित फ्लाईओवर निर्माण के बजाय सड़क चौड़ीकरण को प्राथमिकता देने की मांग की है।

    अपने पत्र में सांसद अग्रवाल ने इस मार्ग को शहर का अत्यंत महत्वपूर्ण और व्यस्त क्षेत्र बताते हुए कहा कि यहां घनी आबादी और व्यावसायिक गतिविधियों के कारण लगातार भारी ट्रैफिक दबाव बना रहता है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि पूर्व में मुख्यमंत्री स्वयं इस सड़क के चौड़ीकरण के पक्ष में निर्णय ले चुके हैं, लेकिन हालिया बजट में फ्लाईओवर निर्माण की घोषणा से स्थानीय लोगों में असंतोष देखा जा रहा है।

     सांसद ने तर्क दिया कि जी.ई. रोड का लगभग 600-700 मीटर का यह हिस्सा अब तक चौड़ीकरण से वंचित है, जिसके कारण यह “बॉटलनेक” बन गया है और पूरे शहर के यातायात को प्रभावित कर रहा है। उनका मानना है कि इस संकरे और घनी आबादी वाले क्षेत्र में फ्लाईओवर निर्माण व्यावहारिक समाधान नहीं होगा, बल्कि इससे स्थानीय व्यापार और संरचनाओं पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।

    उन्होंने यह भी याद दिलाया कि इस सड़क के चौड़ीकरण की मांग वर्षों से उठती रही है और इसे नगरीय निकाय चुनाव 2025 के “अटल विश्वास पत्र” में भी शामिल किया गया था। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया जाना चिंता का विषय है।

   पत्र के माध्यम से बृजमोहन अग्रवाल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आग्रह किया है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए फ्लाईओवर योजना पर पुनर्विचार किया जाए और सड़क चौड़ीकरण के कार्य को शीघ्र प्राथमिकता दी जाए, ताकि राजधानीवासियों को बेहतर और सुगम यातायात सुविधा मिल सके।

Related Articles

Back to top button