होम छत्तीसगढ़ बढ़े बिजली बिलों पर कांग्रेस का हमला

बढ़े बिजली बिलों पर कांग्रेस का हमला

0

रायपुर, 07 मई।छत्तीसगढ़ में मई माह के बिजली बिलों को लेकर सियासत तेज हो गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा सरकार पर जनता से “सरकारी लूट” करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अप्रैल माह की बिजली खपत के जो बिल उपभोक्ताओं के घर पहुंचे हैं, वे पिछले महीनों की तुलना में लगभग दोगुने हैं। इससे आम जनता भारी परेशानी का सामना कर रही है।

     उन्होंने कहा कि गर्मी के कारण बिजली खपत में 20 से 25 प्रतिशत तक बढ़ोतरी स्वाभाविक है, लेकिन जिस तरह से बिजली बिलों में भारी वृद्धि हुई है, उससे साफ है कि सरकार की नीतियों का सीधा बोझ जनता पर डाला जा रहा है।

      दीपक बैज ने आरोप लगाया कि पिछले छह महीनों से लगातार बढ़े हुए बिजली बिलों के जरिए उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक भार डाला जा रहा था, लेकिन इस बार स्थिति ज्यादा गंभीर हो गई है। उन्होंने कहा कि औसतन हर घरेलू उपभोक्ता का बिजली बिल लगभग दोगुना आया है।

     प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने अपने कार्यकाल में कठिन आर्थिक परिस्थितियों के बावजूद जनता को राहत देने के लिए बिजली बिल हाफ योजना लागू की थी। इस योजना का लाभ प्रदेश के लगभग 54 लाख घरेलू उपभोक्ताओं को मिला और पांच वर्षों में प्रत्येक उपभोक्ता की औसतन 40 से 50 हजार रुपये तक की बचत हुई।

    उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस शासनकाल में 400 यूनिट तक की बिजली खपत करने वाले अधिकांश उपभोक्ता बिजली बिल हाफ योजना के दायरे में आते थे, जिससे आम लोगों को बड़ी राहत मिलती थी।

    दीपक बैज ने भाजपा सरकार की नीतियों को “मुनाफाखोरी” करार देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में कोयला, पानी और जमीन जैसे संसाधन होने के बावजूद प्रदेश की जनता को महंगी बिजली खरीदने के लिए मजबूर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी बढ़े हुए बिजली बिलों का विरोध करेगी और इस मुद्दे को लेकर पूरे प्रदेश में आंदोलन चलाया जाएगा।