होम छत्तीसगढ़ मुख्य सचिव ने जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के दिए निर्देश

मुख्य सचिव ने जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के दिए निर्देश

0

रायपुर, 14 मई। छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव विकासशील ने बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनोन्मुखी एवं महत्वपूर्ण योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में पांचवें राष्ट्रीय मुख्य सचिव सम्मेलन में दी गई अनुशंसाओं पर विभागों द्वारा की गई कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। इस दौरान विभागीय सचिवों ने योजनाओं की प्रगति और क्रियान्वयन की स्थिति से मुख्य सचिव को अवगत कराया।

बैठक में स्कूल शिक्षा, कौशल विकास, उच्च शिक्षा, खेल एवं युवा कल्याण तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं की प्रगति पर विशेष चर्चा हुई। मुख्य सचिव ने योजनाओं के प्रभावी संचालन और बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सुशासन एवं तकनीकी नवाचार को लेकर भी बैठक में विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने क्षमता विकास योजनाओं तथा शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शिता के साथ पहुंचाने के लिए विकसित की जा रही डेटा आधारित मॉनिटरिंग प्रणाली पर प्रस्तुतीकरण दिया। मुख्य सचिव ने योजनाओं की निगरानी को और अधिक मजबूत बनाने पर जोर दिया।

आंगनबाड़ी भवनों की स्थिति की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि जहां संभव हो, वहां प्राथमिक स्कूलों के अतिरिक्त कमरों में आंगनबाड़ी केंद्र संचालित किए जाएं। इसके लिए कलेक्टरों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने को कहा गया। वहीं जिन स्कूलों में अतिरिक्त कक्ष उपलब्ध नहीं हैं, वहां समग्र शिक्षा योजना के अंतर्गत नए कक्षों के निर्माण के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सूचना प्रौद्योगिकी, आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास, कृषि एवं किसान कल्याण, जैव प्रौद्योगिकी तथा सामान्य प्रशासन विभाग की योजनाओं की भी समीक्षा की गई। इसके अलावा पर्यटन, ऊर्जा, संस्कृति, श्रम, वाणिज्य एवं उद्योग, विधि एवं विधायी, गृह, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, सुशासन एवं अभिसरण तथा ग्रामोद्योग विभागों के अंतर्गत संचालित योजनाओं की प्रगति की जानकारी अधिकारियों ने प्रस्तुत की।