रायपुर, 7 जून। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को राजधानी रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में 36वीं राष्ट्रीय सब जूनियर एवं जूनियर कायाकिंग-केनोईंग प्रतियोगिता के आधिकारिक मस्कट ‘पहाड़ी मैना’ का विमोचन किया।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि खेल केवल जीत-हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम भी हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में खेल अधोसंरचना को मजबूत बनाने के साथ-साथ खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि राष्ट्रीय स्तर की यह प्रतियोगिता छत्तीसगढ़ के युवा खिलाड़ियों को नई ऊर्जा और प्रेरणा प्रदान करेगी तथा राज्य की खेल पहचान को और सशक्त बनाएगी।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ प्रदेश कायाकिंग-केनोईंग एसोसिएशन द्वारा भारतीय कायाकिंग-केनोईंग संघ एवं छत्तीसगढ़ ओलम्पिक संघ के संयुक्त तत्वावधान में 36वीं राष्ट्रीय सब जूनियर एवं जूनियर कायाकिंग-केनोईंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता 12 से 14 जून तक नवा रायपुर स्थित सेंध लेक में आयोजित होगी।
कायाकिंग-केनोईंग एक ओलम्पिक खेल है, जिसमें छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए हैं। राजधानी में इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन राज्य के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ ओलम्पिक संघ के महासचिव विक्रम सिसोदिया, भारतीय कायाकिंग-केनोईंग महासंघ एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश कायाकिंग-केनोईंग एसोसिएशन के सहसचिव प्रशांत सिंह रघुवंशी सहित संघ के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।




