नई दिल्ली, 15 जून।कांग्रेस ने केंद्र सरकार और गृह मंत्री अमित शाह पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को कमजोर करने और उसके सांसदों को अलग करने की साजिश रची जा रही है। पार्टी का कहना है कि इस कथित प्रयास का उद्देश्य लोकसभा में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के लिए दो-तिहाई बहुमत सुनिश्चित करना है।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सोमवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी बयान में आरोप लगाया कि गृह मंत्री अमित शाह की भूमिका भारतीय लोकतंत्र के लिए चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि टीएमसी के करीब 20 सांसदों को पार्टी से अलग कर एक अन्य राजनीतिक दल में शामिल कराने की कोशिश की जा रही है।
जयराम रमेश के अनुसार, यह कथित योजना ‘नेशनलिस्ट सिटिज़न्स पार्टी ऑफ इंडिया’ नामक एक राजनीतिक दल के माध्यम से अंजाम देने की तैयारी है। कांग्रेस नेता ने दावा किया कि यह दल कुछ वर्ष पहले ही अस्तित्व में आया है और राष्ट्रीय स्तर पर इसकी कोई खास पहचान नहीं है।
कांग्रेस ने यह भी कहा कि यदि ऐसा कोई प्रयास किया जाता है तो इससे लोकतांत्रिक मूल्यों और विपक्षी दलों की राजनीतिक स्वतंत्रता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। पार्टी ने एनडीए के सहयोगी दलों तेलगु देशम पार्टी (टीडीपी) और जनतादल यूनाईटेड (जदयू) से इस कथित साजिश का विरोध करने की अपील की है।
रमेश ने कहा कि यदि एनडीए लोकसभा में अपने दम पर दो-तिहाई बहुमत हासिल कर लेता है, तो गठबंधन के सहयोगी दलों का राजनीतिक महत्व भी कम हो सकता है। उन्होंने इस मुद्दे को लोकतंत्र और विपक्ष की भूमिका से जुड़ा गंभीर मामला बताया।
हालांकि, कांग्रेस के इन आरोपों पर गृह मंत्रालय या भारतीय जनता पार्टी की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।




