नई दिल्ली, 17 जून। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने नीट-यूजी 2026 परीक्षा से पहले टेलीग्राम पर लगाए गए अस्थायी प्रतिबंध को लेकर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक की समस्या से निपटने के बजाय सरकार छात्रों को ही परेशान कर रही है।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि टेलीग्राम पर प्रतिबंध लगाना पेपर लीक रोकने का समाधान नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यह ऐसा है जैसे चोर को पकड़ने के बजाय पीड़ित के घर पर ताला लगा दिया जाए।
उन्होंने कहा कि देश के लाखों छात्र पढ़ाई, नोट्स साझा करने, टेस्ट सीरीज और शैक्षणिक चर्चाओं के लिए टेलीग्राम का उपयोग करते हैं। ऐसे में इस सुविधा को बंद कर देना पेपर लीक की समस्या का स्थायी समाधान नहीं माना जा सकता।
कांग्रेस नेता ने सवाल उठाया कि यदि टेलीग्राम पर रोक लगाने से भी पेपर लीक नहीं रुकता, तो सरकार आगे किस मंच पर प्रतिबंध लगाएगी। उन्होंने कहा कि यह कदम पूरी तरह प्रभावी भी नहीं है, जिसे छात्र और पेपर लीक माफिया दोनों अच्छी तरह जानते हैं।
राहुल गांधी ने सरकार की परीक्षा सुरक्षा व्यवस्थाओं पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान छात्रों की कड़ी जांच, विशेष सुरक्षा इंतजाम और प्रश्नपत्रों की सुरक्षित ढुलाई जैसे दिखावटी कदम उठाए जा रहे हैं, लेकिन पेपर लीक की जड़ पर प्रहार नहीं किया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक माफिया सरकार की निगरानी में फल-फूल रहा है और इसके कारण देश के युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री से अपील करते हुए कहा कि दिखावटी उपायों के बजाय पेपर लीक गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
गौरतलब है कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने नीट-यूजी 2026 की पुनर्परीक्षा से पहले नकल और भ्रामक सूचनाओं पर रोक लगाने के उद्देश्य से भारत में टेलीग्राम की सेवाओं पर 22 जून तक अस्थायी प्रतिबंध लगाने का फैसला किया है। परीक्षा का आयोजन 21 जून को किया जाना है।




