(सन्तोष यादव)
सुलतानपुर 17 जून। ऑल इंडिया टूरिस्ट परमिट (AITP) के तहत संचालित बसों द्वारा नियमों के उल्लंघन की शिकायतों पर परिवहन विभाग ने मंगलवार को विशेष जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से सीटवार बुकिंग कर सामान्य यात्री बसों की तरह संचालित की जा रही चार टूरिस्ट बसों को सीज कर दिया गया, जबकि नौ बसों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई।
विभाग को लगातार सूचना मिल रही थी कि कुछ बस संचालक टूरिस्ट परमिट की शर्तों का उल्लंघन करते हुए ‘रेड बस’, ‘मेक माई ट्रिप’, ‘अभि बस’, ‘पेटीएम’ समेत विभिन्न ऑनलाइन माध्यमों से सीटों की बुकिंग कर रहे हैं। नियमों के अनुसार टूरिस्ट परमिट वाली बसों को स्टेज कैरिज (सामान्य यात्री सेवा) के रूप में संचालित नहीं किया जा सकता, लेकिन कई बसें इन नियमों की अनदेखी कर रही थीं।
शिकायतों के आधार पर परिवहन विभाग की प्रवर्तन टीम ने लोहरामऊ बाईपास, पयागीपुर चौराहा, अमहट चौराहा, गुप्तारगंज और सेमरी सहित विभिन्न स्थानों पर सघन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान परमिट शर्तों का उल्लंघन पाए जाने पर चार बसों को तत्काल प्रभाव से निरुद्ध (सीज) कर दिया गया, जबकि नौ बसों का चालान किया गया।
इसके अलावा मोटर वाहन अधिनियम और केंद्रीय मोटरयान नियमावली के तहत 15 अन्य वाहनों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान अधिकारियों ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। रॉन्ग साइड वाहन चलाने वालों तथा बिना हेलमेट दोपहिया वाहन संचालित करने वालों को रोककर नियमों का पालन करने की सख्त चेतावनी दी गई।
कार्रवाई के दौरान सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) भूपेश कुमार गुप्ता, यात्री/मालकर अधिकारी शैलेंद्र कुमार तिवारी, यातायात निरीक्षक राम निरंजन और सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरएम) सुरेश चंद्र यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि परमिट शर्तों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।




