होम छत्तीसगढ़ कोरिया डबल मर्डर केस पर सियासत तेज: चार आरोपी गिरफ्तार, कांग्रेस ने...

कोरिया डबल मर्डर केस पर सियासत तेज: चार आरोपी गिरफ्तार, कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना

0

रायपुर, 17 जून। कोरिया जिले के सोनहत विकासखंड के ग्राम नागोई में हुए दोहरे हत्याकांड को लेकर जहां पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं इस घटना को लेकर प्रदेश की राजनीति भी गरमा गई है। कांग्रेस ने मामले को रेत कारोबार और कथित माफिया गतिविधियों से जोड़ते हुए राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

     जिला प्रशासन के अनुसार 16-17 जून की दरम्यानी रात हुई इस घटना के पीछे दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से चली आ रही आपसी रंजिश और क्षेत्रीय वर्चस्व को लेकर विवाद प्रमुख कारण रहा है। घटना में दो लोगों की मौत हुई, जबकि कुछ अन्य लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

     प्रशासन का कहना है कि घटना के बाद क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा वरिष्ठ अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में और शांतिपूर्ण है।

     इधर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने घटना को लेकर राज्य सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में रेत के अवैध कारोबार को लेकर हिंसा और खून-खराबे की घटनाएं बढ़ रही हैं। बैज ने कहा कि कोरिया जिले में हुई यह घटना बेहद भयावह है, जिसमें कथित तौर पर एक भाजपा नेता ने दूसरे भाजपा नेता, उसके भाई और उसके साथियों को वाहन में बंद कर पेट्रोल डालकर आग लगा दी, जिससे दो लोगों की मौत हो गई और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

     कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि राज्य में रेत माफिया बेलगाम हो चुके हैं और उन्हें सरकार का संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने कहा कि भाजपा के विधायक, सांसद और मंत्री सीधे तौर पर रेत कारोबार से जुड़े हुए हैं तथा उनके संरक्षण में अपराधी तत्व सक्रिय होकर कानून-व्यवस्था को चुनौती दे रहे हैं।

     हालांकि जिला प्रशासन ने घटना को पुरानी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई से जुड़ा मामला बताया है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

     फिलहाल घटना को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच पुलिस जांच जारी है और प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा शांति बनाए रखने की अपील की है।