रायपुर, 6 जुलाई। हज 2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। हज यात्रियों को आवेदन में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी ने रायपुर के मुखर्जी बड़ा स्थित बैरन बाजार कार्यालय में निःशुल्क ई-हज सुविधा केंद्र शुरू किया है।
छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी के चेयरमैन मिर्ज़ा एजाज़ बेग ने बताया कि इस सुविधा केंद्र के माध्यम से हज यात्रा के इच्छुक लोगों के ऑनलाइन आवेदन बिना किसी शुल्क के भरे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई आवेदकों को ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया में तकनीकी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि सभी पात्र आवेदक निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना आवेदन पूरा कर सकें।
उन्होंने बताया कि हज कमेटी ऑफ इंडिया ने हज 2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 20 जुलाई 2026 निर्धारित की है। आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास 31 दिसंबर 2027 तक वैध पासपोर्ट होना अनिवार्य है।
मिर्ज़ा एजाज़ बेग ने सभी इच्छुक आवेदकों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द अपना आवेदन पूरा करें। इसके लिए राज्य हज कमेटी कार्यालय में विशेष काउंटर बनाया गया है, जहां आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचकर आवेदक निःशुल्क ऑनलाइन आवेदन करवा सकते हैं।
हज आवेदन से संबंधित अधिक जानकारी या सहायता के लिए इच्छुक व्यक्ति छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी कार्यालय, मुखर्जी बड़ा, बैरन बाजार, रायपुर से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा दूरभाष क्रमांक 0771-4266646 पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।




