मिर्जापुर, 09 जुलाई। उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने स्पष्ट किया है कि भारतीय जनता पार्टी वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों, विकास कार्यों और सुशासन को प्रमुख आधार बनाएगी। उन्होंने कहा कि सहयोगी दलों के साथ सीटों के बंटवारे पर उचित समय आने पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद अपने पहले मिर्जापुर दौरे पर पहुंचे पंकज चौधरी ने सबसे पहले मां विंध्यवासिनी धाम में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने विभिन्न राजनीतिक और समसामयिक मुद्दों पर पार्टी का पक्ष रखा।
राम मंदिर में चंदा और दान से जुड़े कथित विवाद पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि यह आस्था से जुड़ा विषय है और इस तरह की घटनाएं दुर्भाग्यपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी, चाहे वह कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि जो लोग पहले भगवान राम के नाम से दूरी बनाते थे, वे आज स्वयं को सबसे बड़ा रामभक्त साबित करने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में विकास, सुशासन और बेहतर कानून-व्यवस्था को प्रमुख चुनावी मुद्दा बनाएगी। उनका दावा था कि पिछले 12 वर्षों में देश और उत्तर प्रदेश में व्यापक परिवर्तन देखने को मिला है। भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा बढ़ी है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीयों का सम्मान पहले की तुलना में अधिक हुआ है।
मिर्जापुर प्रवास के दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ अलग-अलग बैठकें कीं। साथ ही समाज के विभिन्न वर्गों के प्रबुद्ध लोगों से संवाद कर केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की।
भाजपा के पीडीए (पसमांदा, दलित और पिछड़ा) संपर्क अभियान के तहत पंकज चौधरी ने दलित समाज के प्रदीप सोनकर के घर भोजन किया। इसके बाद उन्होंने पिछड़ा वर्ग से जुड़े राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कार्यकर्ता मिलन के घर चाय पीकर सामाजिक समरसता का संदेश दिया।




