होम ब्रेकिंग न्यूज शिक्षक दिवस पर राहुल गांधी और खड़गे ने शिक्षकों को दी शुभकामनाएं,...

शिक्षक दिवस पर राहुल गांधी और खड़गे ने शिक्षकों को दी शुभकामनाएं, राधाकृष्णन को किया नमन

0

नई दिल्ली, 05 सितम्बर। शिक्षक दिवस के अवसर पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने देशभर के शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं। दोनों नेताओं ने पूर्व राष्ट्रपति और महान दार्शनिक डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शिक्षा और शिक्षकों के महत्व को रेखांकित किया।

     श्री गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को नमन करते हुए देश के सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि शिक्षक अपने ज्ञान, सेवा और समर्पण के माध्यम से विद्यार्थियों का भविष्य संवारने के साथ ही देश की आने वाली पीढ़ियों को दिशा देने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। उनका योगदान अमूल्य है।

      राहुल गांधी ने इस अवसर पर देश की शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि आज भारत की शिक्षा व्यवस्था के सामने कई गंभीर सवाल हैं। आवश्यकता है कि सभी मिलकर ऐसी शिक्षा व्यवस्था का निर्माण करें, जिसमें प्रत्येक छात्र को समान अवसर, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित हो सके।

      वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी शिक्षक दिवस पर देश के सभी शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षक लोगों की सोच को आकार देने, उनमें अच्छे संस्कार विकसित करने और देश के भविष्य की नींव मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

       खड़गे ने कहा कि शिक्षक दिवस उन सभी शिक्षकों के सम्मान का अवसर है, जिनका ज्ञान, धैर्य और समर्पण कई पीढ़ियों को प्रेरित करता रहा है। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एस. राधाकृष्णन को भी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें महान दार्शनिक, शिक्षक और राजनेता बताया। उन्होंने कहा कि डॉ. राधाकृष्णन की विद्वता और विचार सदैव प्रेरणा देते रहेंगे।