होम छत्तीसगढ़ प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्ष के सेवाकाल पर छत्तीसगढ़ में ‘सेवा ज्योति...

प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्ष के सेवाकाल पर छत्तीसगढ़ में ‘सेवा ज्योति यात्रा’

0

रायपुर, 7 अक्टूबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में शासन प्रमुख के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बुधवार को राजधानी रायपुर में ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ और ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के जिला मुख्यालयों सहित 38 स्थानों पर ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ विकसित करने की घोषणा की। रायपुर के तेलीबांधा चौक को भी ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ के रूप में विकसित किया जाएगा।

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ये संकल्प चौक जनसेवा, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के संकल्प के प्रतीक होंगे। इनके माध्यम से आने वाली पीढ़ियों को यह संदेश मिलेगा कि राष्ट्र की प्रगति में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और नागरिकों को विकसित भारत तथा विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संकल्प दिलाया। इसके बाद उन्होंने हाथों में मशाल लेकर ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का नेतृत्व किया और बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर से शुरू होकर तेलीबांधा चौक तक पहुंची। इसमें बड़ी संख्या में नागरिकों और युवाओं ने भाग लिया।

25 वर्ष की यात्रा को जनसेवा और सुशासन से जोड़ा

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी। मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उनके सेवाकाल के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। उन्होंने इस अवधि को जनसेवा, सुशासन, विकास और राष्ट्रहित से जुड़ी यात्रा के रूप में रेखांकित किया।

साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी स्वयं को देश का ‘प्रधान सेवक’ मानते हैं और ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ कार्य कर रहे हैं। उनके अनुसार, भारत ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी स्थिति मजबूत की है और वैश्विक स्तर पर देश के बढ़ते सामर्थ्य को देखा जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘सेवा ज्योति यात्रा’ प्रधानमंत्री के जनसेवा के प्रति समर्पण को सम्मान देने के साथ ही विकसित भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी का संकल्प लेने का अवसर है। उन्होंने प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की कामना भी की।

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहा सेवा संकल्प अभियान

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक छत्तीसगढ़ में एक माह का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। इसके तहत सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जनकल्याण और सामाजिक सहभागिता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अभियान की शुरुआत पर 17 सितंबर को प्रदेश में डेढ़ करोड़ से अधिक ‘आशीर्वाद के दीये’ प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की गई थी। मुख्यमंत्री के अनुसार, अभियान के माध्यम से प्रदेश के नागरिक सेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प से जुड़ रहे हैं।

छत्तीसगढ़ की संभावनाओं से परिचित हैं प्रधानमंत्री : साय

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी संभालने से पहले नरेंद्र मोदी ने विभिन्न दायित्वों के दौरान छत्तीसगढ़ के अनेक क्षेत्रों का भ्रमण किया था। इसके कारण वे प्रदेश की भौगोलिक, सामाजिक और आर्थिक परिस्थितियों के साथ-साथ यहां की विकास संभावनाओं से भी परिचित हैं।उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के विकास से जुड़े विषयों पर प्रधानमंत्री के साथ चर्चा के दौरान प्रदेश को केंद्र से अपेक्षा से अधिक सहयोग और मार्गदर्शन मिलता है। साय ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ विकास के नए अवसरों से जुड़ रहा है और विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका को मजबूत कर रहा है।