होम खास ख़बर बद्रीनाथ से लौट रहा हेलीकॉप्टर चमोली में क्रैश, पायलट समेत छह लोग...

बद्रीनाथ से लौट रहा हेलीकॉप्टर चमोली में क्रैश, पायलट समेत छह लोग सवार, सभी के हताहत होने की आशंका

0

देहरादून, 30 अक्टूबर। उत्तराखंड के चमोली जिले में शुक्रवार को बद्रीनाथ धाम से देहरादून लौट रहा ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर जोशीमठ के पास चाई गांव के निकट दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के समय हेलीकॉप्टर में पायलट समेत छह लोग सवार थे।

    दुर्घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस, भारतीय सेना, राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान में जुट गईं। शुरुआती खबरों के अनुसार, हादसे में सवार सभी छह लोगों के हताहत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, उनकी स्थिति को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त हेलीकॉप्टर ने शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजकर 14 मिनट पर बद्रीनाथ से देहरादून के सहस्रधारा हेलीपैड के लिए उड़ान भरी थी। जोशीमठ घाटी के ऊपर से गुजरते समय हेलीकॉप्टर का संपर्क एयर ट्रैफिक और ट्रैकिंग सिस्टम से टूट गया। इसके बाद विमान की लोकेशन मिलनी बंद हो गई। आखिरी बार इसका संपर्क हाथीपहाड़ के पीछे स्थित सेना की चौकी के आसपास होने की जानकारी सामने आई थी।

    हेलीकॉप्टर से संपर्क टूटने के बाद प्रशासन ने तत्काल तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान जोशीमठ के चाई गांव के आसपास धुआं उठता दिखाई देने की सूचना मिली। बाद में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी चाई गांव के निकट हेलीकॉप्टर दुर्घटना की पुष्टि करते हुए घटना पर दुख जताया। दुर्घटनास्थल पहाड़ी क्षेत्र में होने और मौसम खराब रहने के कारण राहत एवं बचाव दल को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

    हेलीकॉप्टर में पांच यात्री और एक पायलट सवार थे। मीडिया रिपोर्टों में यात्रियों के नाम प्रताप, अरुण, शंकर गौड़ा, सुधीर के. और एच.एस. नटराज बताए गए हैं, जबकि हेलीकॉप्टर के पायलट कैप्टन हिमांशु थे। हादसे के बाद इन सभी की स्थिति को लेकर चिंता बनी हुई है। प्रशासन और बचाव दल घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का आकलन करने तथा संभावित पीड़ितों तक पहुंचने में जुटे हैं।

    मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बचाव अभियान में किसी तरह की लापरवाही न हो और यदि कोई व्यक्ति घायल अवस्था में मिलता है तो उसे तत्काल एयरलिफ्ट कर बेहतर उपचार के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र पहुंचाया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा है कि वे पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।