होम खास ख़बर महाराष्ट्र में 60 तथा हरियाणा में 65 प्रतिशत मतदान

महाराष्ट्र में 60 तथा हरियाणा में 65 प्रतिशत मतदान

0

नई दिल्ली 21 अक्टूबर।महाराष्‍ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए आज तक महाराष्‍ट्र में 60 प्रतिशत तथा हरियाणा में 65 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। महाराष्‍ट्र में 288 और हरियाणा में 90 सीटों के लिए मतदान हुआ।

उप निर्वाचन आयुक्‍त संदीप सक्‍सेना एवं उमेश सिन्हा ने बताया कि अन्तिम जानकारी मिलने पर मतदान का प्रतिशत बढ़ने की संभावना है।उन्होने कहा कि दोनों राज्‍यों में मतदान आमतौर पर शान्तिपूर्वक और सुचारू रूप से सम्‍पन्‍न हुआ। उन्‍होंने कहा कि महाराष्‍ट्र के नक्‍सल प्रभावित क्षेत्रों में भी शान्तिपूर्वक सम्‍पन्‍न हुआ।

हरियाणा में विधानसभा की 90 सीटों के लिए 104 महिलाओं सहित एक हजार 169 उम्मीदवार मैदान में हैं।प्रमुख राजनीतिक दलों में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस और इंडियन नेशनल लोकदल शामिल हैं।अन्य दलों में जननायक जनता पार्टी, आम आदमी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी भी चुनाव मैदान में हैं।भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस सभी 90 सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं,जबकि इंडियन नेशनल लोकदल ने शिरोमणि अकाली दल के साथ गठबंधन किया है और 81 उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं।

मतदान मे हर वर्ग ने बढ-चढ कर भाग लिया, चाहे सौ वर्ष की ऊपर की बुजुर्ग महिलाएं हों या पहली बार वोट डालने आई नवयुवतियां। महिलाओं के लिए बने पिंक बूथ भी महिलाओ को बूथ तक खींच लाने में अहम भूमिका निभाते नज़र आये। मतदान के बाद एकतरफ जहां चुनाव आयोग द्वारा ईवीएम मशीनों को स्‍ट्रॉग रूम तक पहुंचाने की कवायद शुरू हो गई है। वहीं राजनीतिक दल अपनी-अपनी जीत के दावे कर रहे हैं।