MainSlideछत्तीसगढ़

राज्यपाल एवं भूपेश ने गांधी जी एवं शास्त्री जी को किया नमन

रायपुर 01अक्टूबर।छत्तीसगढ़ की राज्यपाल अनुसुईया उइके एवं मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व.लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उन्हें नमन किया है।

सुश्री उइके ने जयंती की पूर्व संध्या पर जारी संदेश में कहा कि महात्मा गांधी ने पूरे विश्व को सत्य-अहिंसा के मार्ग पर चलने की सीख दी। उन्होंने सत्याग्रह और अहिंसा के अनोखे अस्त्र का उपयोग कर देश को आजादी दिलाई।उनके बताए हुए रास्तों का आज हमारा देश ही नहीं, पूरा विश्व अनुसरण कर रहा है।उन्होने कहा कि शास्त्री जी के आदर्श तथा ’जय जवान-जय किसान’ का नारा हम सभी के लिये हमेशा प्रेरणास्पद रहेगा।गांधी जी एवं शास्त्री जी का सम्पूर्ण जीवन एवं उनके विचार युवा पीढ़ी के लिए सदैव अनुकरणीय एवं मार्ग प्रदर्शक रहेंगे।

श्री बघेल ने गांधी की 151 वीं जयंती के अवसर पर उन्हें नमन करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित की हैं।उन्होंने कहा कि गांधीजी के दिखाए गए मार्ग पर चलते हुए ग्राम स्वराज के लक्ष्य को साधने के लिए हमने सुराजी गांव योजना शुरू की है और नरवा, गरूवा, घुरवा, बाड़ी को नये रूप में विकसित करने का काम कर रहे हैं।उन्होने शास्त्री जी को याद करते हुए कहा कि वह सच्चे गांधीवादी थे, उन्होंने अपना जीवन सादगी से बिताया और गरीबों की सेवा में अर्पित किया।भारतीय स्वाधीनता संग्राम में उनका महत्वपूर्ण योगदान था।

 

Related Articles

Back to top button