MainSlide

कड़ाके की ठंड की चपेट में हरियाणा, रात का पारा पहुंचा एक डिग्री

चंडीगढ़ : हरियाणा के सभी जिले लगातार 17वें दिन कड़ाके की ठंड की चपेट में रहे। दिन के साथ अब रात के तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। रेवाड़ी में बुधवार की रात का तापमान एक डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो छह साल में सबसे कम है। इससे पहले 2018 में किसी शहर का न्यूनतम तापमान 2.0 डिग्री दर्ज किया गया था। 

बता दें कि वीरवार को पूरे दिन हरियाणा में शीतलहर का प्रकोप रहा। सभी जिलों में ‘कोल्ड डे’ रहा। हालांकि कुछ जगहों पर धूप निकलने से अधिकतम तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन फिलहाल ठंड से राहत के आसार नहीं है। 13 जनवरी से कोहरा काफी छंट जाएगा। इसके बाद कोल्ड डे की संभावना भी कम रहेगी। 16 जनवरी से एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। हालांकि यह भी कमजोर रहेगा। इसका राज्य पर ज्यादा असर नहीं पड़ेगा।

वहीं महेंद्रगढ़ के नारनौल में भी पारा 1.2 डिग्री रहा। रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, भिवानी और हिसार के बालसमंद में पाला भी पड़ा है। राज्य में अधिकतम तापमान सामान्य से 5.2 डिग्री कम दर्ज किया गया। दिन का सबसे कम तापमान कुरुक्षेत्र में 11.1, करनाल 11.6 और अंबाला का 11.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Related Articles

Back to top button