Thursday , February 26 2026

सड़क दुर्घटना में एक ही परिवार के 10 लोगो की मौत पर शोक व्यक्त पहुंचे गृह मंत्री

रायपुर 05 मई।मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश पर गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने चारामा-जगतरा के बीच घटित सड़क दुर्घटना में प्रभावित साहू परिवार के परिजनों से मिलने आज उनके गृहग्राम सोरम पहुंचे, जहां उन्होंने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी।

गृहमंत्री ने उनसे कहा कि दुख की इस घड़ी में सरकार उनके साथ है और वह हरसंभव मदद करेगी।इस दुर्घटना में एक ही परिवार के 10 लोगो की मौत हो गई थी।बालोद जिले के पुरूर और चारामा के बीच बालोदगहन के पास शादी कार्यक्रम में जा रही बोलेरो और ट्रक के बीच भिड़ंत से यह दुःखद घटना घटी।

मुख्यमंत्री श्री बघेल ने मृतकों के परिवारजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश जिला प्रशासन के अधिकारियों को दिए है। साथ ही उन्होंने इस घटना में मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रूपए की आर्थिक सहायता राशि प्रदान करने की घोषणा की।

इस अवसर पर राज्य दुग्ध महासंघ के अध्यक्ष विपिन साहू, राज्य दिव्यांगजन सलाहकार बोर्ड के अध्यक्ष मोहन लालवानी, धमतरी नगर निगम के महापौर विजय देवांगन, जिला पंचायत के उपाध्यक्ष निशु चंद्राकर, वरिष्ठ नागरिक शरद लोहाणा, जनपद पंचायत धमतरी की अध्यक्ष श्रीमती मनीषा साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारीगण मौजूद थे।