MainSlideखास ख़बरराजनीति

गुजरात चुनाव के पहले चरण का प्रचार कल शाम होगा समाप्त

अहमदाबाद 06 दिसम्बर।गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले चरण का प्रचार कल शाम समाप्‍त हो जाएगा। सभी पार्टियां मतदाताओं को आकृष्‍ट करने में जुटी हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज शाम नेत्रांग में एक चुनाव सभा में कहा कांग्रेस ने 50 वर्ष तक देश पर शासन किया मगर जनजातीय मंत्रालय का गठन नहीं किया।उन्‍होंने कहा कि जब अटल बिहारी वाजपेयी प्रधानमंत्री बने तो अलग जनजातीय मंत्रालय बनाया गया और जनजातीय लोगों के लिए अलग से बजट का प्रावधान किया गया।

श्री मोदी ने कहा कि राज्‍य में बालिकाओं की शिक्षा, खासतौर पर जनजातीय बालिकाओं की स्थिति में सुधार हुआ है।उन्‍होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने भारत के स्‍वतंत्रता आंदोलन में जनजातीय योगदान को भुला दिया और उसे लगता है कि आजादी की लड़ाई केवल एक परिवार की वजह से जीती गयी।श्री मोदी ने कहा कि उनकी सरकार,गरीबों की सरकार है। प्रधानमंत्री ने आज धांधुका में भी एक रैली को संबोधित किया।

उधर कांग्रेस उपाध्‍यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि गुजरात में 39 प्रतिशत बच्‍चे कुपोषण का शिकार हैं। एक ट्वीट में उन्‍होंने कहा कि राज्‍य में डाक्‍टरों की भारी कमी है और स्‍वास्‍थ्‍य सेवाओं की लागत बेहद ज्‍यादा है। उन्‍होंने राज्‍य में शिशु मृत्‍यु पर भी चिंता प्रकट की।

गुजरात में चुनाव प्रचार चरम सीमा पर पहुंचा हुआ है। मुख्‍यमंत्री विजय रूपाणी ने आज अपने मत क्षेत्र राजकोट में रोड शो किया। भाजपा के अन्‍य स्‍टार प्रचारक अमित शाह, केन्‍द्रीय मंत्री स्‍मृति ईरानी, उमा भारती, पुरूषोत्‍म रूपाला और उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने भाजपा के लिए प्रचार किया।

Related Articles

Back to top button