MainSlideछत्तीसगढ़

भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरे रमन का भ्रष्टाचार पर बोलना अनुचित- कांग्रेस

रायपुर 07 मई।छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री  डा.रमन सिंह के पूर्व स्वं राजीव गांधी के बारे में किए गए ट्वीट पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि भ्रष्टाचार में आकंठ डूबे लोगों को भ्रष्टाचार पर प्रवचन नहीं करना चाहिए।

प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री और संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने आज यहां जारी बयान में कहा कि अभी छत्तीसगढ़ की सरकार ने भ्रष्टाचार की जांच करवानी शुरु की तो रमन सिंह और उनकी पार्टी तिलमिला गई और ‘बदलापुर’ का राग अलापने लगी।भ्रष्टाचार और कमीशन खोरी के परिणाम स्वरुप प्रदेश की जनता ने भाजपा के 15 वर्ष के शासन को उखाड़ फेंका और भाजपा को 15 सीटों पर सीमित कर दिया अब वही रमन सिंह आज भ्रष्टाचार पर ज्ञान बघार रहे हैं। 4601 करोड़ के चिप्स टेंडर घोटाले चिटफंड घोटाले और हजारों करोड़ की कमीशन खोरी के सूत्रधार रहे रमन सिंह अब देश की राजनीति में झूठ अन्याय नफरत के प्रतीक बन चुके मोदी के इशारे पर भारत रत्न राजीव गांधी पर ट्वीट कर रहे हैं।

उन्होने कहा कि शहादत का अपमान आर एस एस और भाजपा का असली चरित्र है। जहां तक बोफ़ोर्स का मामला है तो रमन सिंह और नरेंद्र मोदी दोनों को नहीं भूलना चाहिए कि सरकार दर सरकार जांच चलती रही और कांग्रेस की ओर से उसे रोकने की कोशिश नहीं हुई। आख़रिकार अदालत ने उन्हें बरी किया, लेकिन नरेंद्र मोदी की सरकार तो राफ़ेल घोटाले और अंबानी को 30 हजार करोड़ देने की जांच भी नहीं होने देना चाहती। अगर वे पाक साफ़ हैं तो जाकर सुप्रीम कोर्ट में हलफ़नामा दे दें कि उन्हें जांच से कोई ऐतराज़ नहीं है लेकिन वे ऐसा करेंगे नहीं।

Related Articles

Back to top button