Sunday , February 1 2026

वो गाना जिसे गाते-गाते संगीतकार के मुंह से निकल आया था खून, गायक के नहीं थम रहे थे आंसू

कुछ गाने दिलों को छू जाते हैं और जिंदगी भर के लिए एक याद बन जाते हैं। एक ऐसा ही गाना 29 साल पहले गाया गया था जिसने न केवल दर्शकों को रुलाया, बल्कि गाते-गाते गायकों की आंखों में भी आंसू आ गए।

हिंदी सिनेमा में गानों का बहुत योगदान है। एक गाना फिल्म को प्रस्तुत करती है, किरदारों की भावनाओं को जाहिर करती हैं। 70, 80 और 90 के दशक में इतने खूबसूरत गाने बने जो आज भी पसंद किए जाते हैं।

29 साल पहले एक ऐसा ही गाना बना था जिसने लोगों के अंदर भावनाओं का सैलाब ला दिया था। सिनेमाघरों में गाना बजते ही दर्शकों की आंखों से आंसू बहने लगे थे। जब यह गाना बन रहा था तो सेट पर माहौल ही अलग था। हर कोई भावुक हो गया था। संगीतकार ने गाने को इतनी बार गाया कि उनके मुंह से खून ही निकलने लगा।

गाना सुनते ही भावुक हो जाते हैं लोग
जब यह गाना बन रहा था तो यह इतना लंबा था कि माना जा रहा था कि कोई इतना बड़ा गाना नहीं सुनेगा। मगर आज भी इस गाने की एक-एक धुन और लिरिक्स सुनकर लोग खो जाते हैं। यह गाना है ‘संदेशे आते हैं’ (Sandese Aate Hain)। जी हां, 9 मिनट का ये गाना बॉर्डर फिल्म की जान थी। जेपी दत्ता ने अपनी फिल्म बॉर्डर के लिए ‘संदेशे आते हैं’ को जवानों के लिए बनाया था।

न्यूकमर्स ने दी थी गाने को आवाज
यह गाना उन पर ही बेस्ड था जो अपने परिवार की याद में यह गाना गाते हैं। जेपी दत्ता ने इस गाने के संगीत की जिम्मेदारी अनु मलिक को दी थी। उन्होंने इसका म्यूजिक दिया और लिरिक्स जावेद अख्तर ने लिखे थे। इस गाने को उस वक्त के किसी टॉप सिंगर्स ने नहीं, बल्कि म्यूजिक इंडस्ट्री में करियर बनाने की कोशिश में लगे सोनू निगम (Sonu Nigam) और रूपकुमार राठौड़ ने गाया था।

गाना गाते-गाते संगीतकार की हालत हो गई थी खराब
अनु मलिक ने हाल ही में शुभांकर मिश्रा को दिए इंटरव्यू में ‘संदेशे आते हैं’ की लाइव रिकॉर्डिंग के दौरान का एक किस्सा शेयर किया है। उन्होंने बताया कि जब वह यह गाना बना रहे थे, तब सेट पर अलग ही माहौल था। हर कोई इमोशनल था। 20-25 लोग कोरस गा रहे थे। सुबह से शाम तक लाइव रिकॉर्डिंग हो रही थी। उन्होंने इतनी बार यह गाना गा लिया था कि उनके मुंह से खून निकल आया था।

उन्होंने पॉडकास्ट में बताया-

सुबह शुरू किया था गाना और अगले दिन 5 बजे हमारे पास केसेट आया था। इमोशनल हो रहे थे (सेट पर लोग)। मैं थक गया था, मैं टूट गया था। मैं बताना चाहता हूं कि एक स्टेज ऐसा आया था, कोरस को समझाते-समझाते मैं बाथरूम में गया और जब मैंने थूका तो मुंह से खून निकला। फिर मैं डॉक्टर के पास गया। मुझे खून इस वजह से निकला क्योंकि मैंने उसे इतनी बार गाया।

रोने लगे थे गायक
अनु मलिक ने कहा कि लाइव रिकॉर्डिंग करना कोई आसान काम नहीं है। इसके अलावा उन्होंने यह भी बताया कि सेट पर काफी कुछ हो रहा था। रूपकुमार राठौड़ ने गाने में एक जगह अटक रहे थे जिसे वह नहीं गाना चाहते थे। मगर जब उन्होंने सिंगर को मनाया तो वह रोने लगे थे। बकौल संगीतकार-

रूप जी बड़े इमोशनल थे उस दिन। बहुत चीजें हो रही थीं। कुछ चीजें वो नहीं गा पा रहे थे। रूप जी ने शायद बात कभी बोली नहीं। मैं बताता हूं कि मैं उनको सिंगिंग कैबिन के बाहर ले गया। मैंने कहा, रूप जी गाना तो आप ही गाएंगे। शेर की दहाड़ लगाइए। वह रो रहे थे। उन्होंने मुझे गले लगाया। मैंने कहा, आपसे बेहतर कोई सिंगर नहीं है यह गाने के लिए। इतना कॉन्फिडेंस मैंने सिंगर को दिया कि उसके बाद उन्होंने जो गाया है, जी लिया, पी लिया।

बता दें कि ‘संदेशे आते हैं’ को बॉर्डर 2 में भी रिप्राइज किया गया है, लेकिन इस बार गीतकार की भूमिका मनोज मुंतशिर ने निभाई है और म्यूजिक मिथुन ने दी है। हालांकि, गाने को सोनू निगम और रूपकुमार राठौड़ ने विशाल मिश्रा और दिलजीत दोसांझ के साथ गाया है।