Wednesday , February 4 2026

IPL में अनसोल्‍ड रहा ऑस्‍ट्रेलियाई दिग्‍गज PSL में डेब्‍यू को तैयार

ऑस्‍ट्रेलिया के पूर्व कप्‍तान स्‍टीव स्मिथ ने पाकिस्‍तान सुपर लीग की नई टीम सियालकोट स्टालियंस से 2026 सीजन के लिए करार किया है। इस तरह स्‍टीव स्मिथ पाकिस्‍तान सुपर लीग में डेब्‍यू को तैयार हैं।

सियालकोट फ्रेंचाइजी ने मंगलवार को स्मिथ से करार की पुष्टि की। उन्‍होंने सीधे स्मिथ से करार किया, जिसमें लीग के नियम के अंतर्गत उन विदेशी खिलाड़‍ियों को जुड़ने की अनुमति है, जिन्‍होंने पिछले सीजन में हिस्‍सा नहीं लिया था।

सियालकोट स्टालियंस को हाल ही में पाकिस्‍तान सुपर लीग की दो नई टीमों में से एक बनाकर पेश किया। फ्रेंचाइजी को डेब्‍यू सीजन में स्मिथ की सेवाएं मिलेंगी, जो टीम में अहम भूमिका निभा सकते हैं। अपने अनुभव और लीडरशिप के कारण स्मिथ को कप्‍तानी की जिम्‍मेदारी भी सौंपी जा सकती है।

आईपीएल में नहीं मिला खरीदार तो…

याद दिला दें कि स्‍टीव स्मिथ को पिछले साल दिसंबर में आईपीएल की मिनी नीलामी में कोई खरीदार नहीं मिला था। उन्‍होंने अपना आखिरी प्रतिस्‍पर्धी मेच बिग बैश लीग में सिडनी सिक्‍सर्स के लिए खेला, जहां बीच सीजन में जुड़ने के बावजूद उन्‍होंने अपनी छाप छोड़ी।

स्मिथ ने केवल छह मैचों में 59.80 की औसत से 299 रन बनाए, जिसमें एक शतक और दो अर्धशतक शामिल हैं। स्मिथ ने इस टीम में बाबर आजम के साथ खेला। स्मिथ अपनी टीम के शीर्ष रन बनाने वाले बल्‍लेबाज रहे और टीम को फाइनल में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। सिडनी सिक्‍सर्स को फाइनल में पर्थ स्‍कॉर्चर्स के हाथों शिकस्‍त सहनी पड़ी।

स्मिथ का टी20 करियर

वैसे, आईपीएल 2025 नीलामी में भी स्‍टीव स्मिथ को कोई खरीदार नहीं मिला था, लेकिन इसके बावजूद फ्रेंचाइजी क्रिकेट में उनका कद काफी ऊंचा है। स्मिथ ने अब तक 272 टी20 मैचों में 32.68 की औसत और 131.38 के स्‍ट्राइक रेट से 6242 रन बनाए। इसमें पांच शतक और 30 अर्धशतक शामिल हैं।

मालूम हो कि सियालकोट स्टालियंस ने ऑस्‍ट्रेलिया के पूर्व कप्‍तान टिम पेन को अपना हेड कोच नियुक्‍त किया। पेन के पास एडिलेड स्‍ट्राइकर्स और ऑस्‍ट्रेलिया ए टीमों में कोचिंग का अनुभव है। 2026 पीएसएल की शुरुआत 26 मार्च से होगी।