अमेठी: सरकारी जमीन पर मूर्ति स्थापना को लेकर बवाल, पत्थरबाजी में 9 आरोपी गिरफ्तार

अमेठी, 12 अप्रैल। उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर मूर्ति स्थापित करने के प्रयास को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। रामगंज थाना क्षेत्र के नरहरपुर गांव में प्रशासनिक टीम पर पथराव करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में पुलिस ने कुल 9 लोगों को गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी अमेठी मनोज कुमार मिश्र के नेतृत्व में की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 11 अप्रैल को नरहरपुर गांव में कुछ लोग सरकारी जमीन पर कब्जा कर मूर्ति स्थापित करने का प्रयास कर रहे थे। सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी अमेठी के नेतृत्व में प्रशासनिक व राजस्व टीम मौके पर पहुंची और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। इसी दौरान कुछ लोगों ने विरोध करते हुए पुलिस और प्रशासनिक टीम पर पथराव कर दिया, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।
घटना के बाद थाना रामगंज में मु0अ0सं0 40/26 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 3 प्रकाश में आए तथा 6 नामजद अभियुक्तों सहित कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में रमेश यादव, ब्रजेश यादव, विजयशंकर यादव, विजय कुमार उर्फ मुन्ना, अखिलेश कुमार कोरी, सूरज कुमार (दो अलग-अलग व्यक्ति), जगन्नाथ और उमेश कुमार शामिल हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल को तैनात कर सतर्कता बढ़ा दी गई है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक कृष्ण मोहन सिंह, उपनिरीक्षक सतीश चन्द्र, उपनिरीक्षक विकास कुमार, हेड कांस्टेबल अर्पण कुमार, हेड कांस्टेबल रंजीत कुमार, कांस्टेबल प्रदीप कुमार और महिला कांस्टेबल किरन की अहम भूमिका रही।



