होम उत्तर प्रदेश पश्चिम बंगाल चुनाव पर अखिलेश के आरोप, ईवीएम और प्रक्रिया पर उठे...

पश्चिम बंगाल चुनाव पर अखिलेश के आरोप, ईवीएम और प्रक्रिया पर उठे सवाल

0

लखनऊ, 01 मईसमाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी और निर्वाचन आयोग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में वही चुनावी प्रक्रिया अपनाई जा रही है, जिसका प्रयोग पहले उत्तर प्रदेश में किया जा चुका है।

    बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में श्री यादव ने कहा कि पश्चिम बंगाल की मौजूदा स्थिति भरोसे के संकट को दर्शाती है। उन्होंने ममता बनर्जी के कोलकाता में एक स्ट्रांगरूम के बाहर कई घंटों तक बैठे रहने की घटना का उल्लेख करते हुए सवाल उठाया कि आखिर चुनावी प्रक्रिया में किस पर भरोसा किया जाए।

   अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि पहले भी मतदान के दौरान लोगों को डराने-धमकाने की घटनाएं सामने आई थीं और हथियारों के बल पर वोटिंग प्रभावित की गई थी। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी और निर्वाचन आयोग ने मिलकर पश्चिम बंगाल में उसी मॉडल को पूरी तरह लागू किया है, जिसे उत्तर प्रदेश में ‘प्रयोग’ के तौर पर इस्तेमाल किया गया था।

    सपा प्रमुख ने यह भी कहा कि राज्य में केंद्रीय सुरक्षा बलों की एक समानांतर व्यवस्था बनाई गई है, जिससे निष्पक्षता पर सवाल उठते हैं। हालांकि, उन्होंने विश्वास जताया कि इन परिस्थितियों के बावजूद ममता बनर्जी चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करेंगी।

    निर्वाचन आयोग द्वारा 4 मई को होने वाली मतगणना के लिए क्यूआर कोड आधारित आईडी प्रणाली लागू करने के फैसले पर भी उन्होंने संदेह जताया और कहा कि बीजेपी द्वारा लाई गई तकनीक पर भरोसा करना मुश्किल है।

    गौरतलब है कि ईवीएम में संभावित गड़बड़ी की आशंका को लेकर ममता बनर्जी गुरुवार देर रात दक्षिण कोलकाता स्थित सखावत मेमोरियल स्कूल पहुंचीं, जहां भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए ईवीएम स्ट्रांगरूम स्थित है। इसके बाद तृणमूल कांग्रेस नेताओं ने पूरे राज्य में स्ट्रांगरूम की निगरानी और कड़ी कर दी है।