लखनऊ 13 मई।उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े राजनीतिक परिवारों में शामिल यादव कुनबे से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है।समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव का निधन हो गया है। उनके निधन की खबर सामने आते ही पूरे परिवार, समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई।
प्रतीक यादव, दिवंगत सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव और उनकी दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। हालांकि यादव परिवार लंबे समय से उत्तर प्रदेश की राजनीति का केंद्र रहा है, लेकिन प्रतीक यादव ने खुद को हमेशा सक्रिय राजनीति से दूर रखा।
कारोबार और फिटनेस की दुनिया में बनाई अलग पहचान
जानकारी के अनुसार, प्रतीक यादव का जन्म वर्ष 1988 में हुआ था। उन्होंने राजनीति के बजाय कारोबार और फिटनेस के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई। लखनऊ में उनका चर्चित जिम ‘द आयरन कोर’ काफी लोकप्रिय था। फिटनेस को लेकर उनकी दीवानगी अक्सर सोशल मीडिया और सार्वजनिक आयोजनों में भी देखने को मिलती थी।
राजनीति से बनाई दूरी
जहां यादव परिवार के अधिकांश सदस्य राजनीति में सक्रिय रहे, वहीं प्रतीक यादव ने कभी चुनावी राजनीति में कदम नहीं रखा। वे रियल एस्टेट कारोबार और अपने फिटनेस बिजनेस पर ही फोकस करते रहे। राजनीतिक मंचों पर भी उनकी मौजूदगी बेहद कम देखने को मिलती थी।
लग्जरी कारों के थे शौकीन
प्रतीक यादव अपनी लग्जरी लाइफस्टाइल को लेकर भी चर्चा में रहते थे। उन्हें महंगी गाड़ियों का खास शौक था। उनकी नीले रंग की लग्जरी लैम्बोर्गिनी कार लखनऊ की सड़कों पर अक्सर आकर्षण का केंद्र बनती थी।उनकी पत्नी अपर्णा यादव वर्तमान में भाजपा से जुड़ी हुई हैं और राजनीति में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।
परिवार और समर्थकों में शोक
प्रतीक यादव के निधन से यादव परिवार गहरे सदमे में है। अखिलेश यादव समेत परिवार के सभी सदस्य इस कठिन समय में एकजुट हैं। समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी उनके निधन पर गहरा दुख जताया है।




