होम छत्तीसगढ़ दिल्ली में अमित शाह से मिले सीएम साय…

दिल्ली में अमित शाह से मिले सीएम साय…

0

छ्त्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नई दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की। सीएम ने बस्तर में तेजी से हो रहे सकारात्मक बदलावों, जनकल्याणकारी पहलों और विकास कार्यों को लेकर विस्तृत चर्चा की। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा जी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को “मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान” एवं “बस्तर मुन्ने अभियान” के माध्यम से दूरस्थ और पूर्व नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में पहुंच रही स्वास्थ्य सेवाओं, जनसुविधाओं और शासन की योजनाओं की जानकारी दी। बताया कि जिन क्षेत्रों में कभी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना भी अत्यंत कठिन माना जाता था, वहां आज स्वास्थ्य टीमें नियमित रूप से पहुंचकर लोगों की जांच, उपचार और आवश्यक सेवाएं उपलब्ध करा रही हैं।

बस्तर में पुराने सुरक्षा शिविरों को अब धीरे-धीरे “जन सुविधा केंद्र” के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां ग्रामीणों को स्वास्थ्य, शिक्षा, बैंकिंग और विभिन्न शासकीय योजनाओं से जुड़ी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो रही हैं। इससे वनांचल क्षेत्रों में रहने वाले लोगों का जीवन आसान हुआ है और शासन के प्रति विश्वास भी निरंतर मजबूत हो रहा है।

बैठक में बस्तर के समग्र विकास, जनविश्वास को सुदृढ़ करने, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, शिक्षा, रोजगार और आधारभूत संरचना से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई।

वहीं, आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में उनकी डबल इंजन सरकार बस्तर को शांति, विकास, विश्वास और आत्मनिर्भरता के नए युग की ओर तेजी से अग्रसर करने प्रयासरत है।