(सन्तोष कुमार यादव)
सुलतानपुर 19 मई।सुल्तानपुर शहर के सब्जी मंडी क्षेत्र में मंगलवार को आयोजित समाजवादी पार्टी के भंडारे में धार्मिक सौहार्द के साथ राजनीतिक बयानबाजी भी चर्चा में रही। सपा प्रवक्ता अनूप संडा ने मीडिया से बातचीत में प्रदेश और केंद्र सरकार की नीतियों पर जमकर निशाना साधा। भंडारे का शुभारंभ पूर्व विधायक अनूप संडा और उनकी पत्नी अमिता सेठ ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर किया। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण शुरू हुआ, जो देर शाम तक चलता रहा। कार्यक्रम स्थल पर शुरुआत से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही।
यहां विभिन्न धर्मों और वर्गों के लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस मौके पर पूर्व विधायक अनूप संडा ने कहा कि जेठ माह के मंगल का विशेष धार्मिक महत्व है। सेवा, सहयोग और परोपकार भारतीय संस्कृति की पहचान है। उन्होंने कहा कि समाज में आपसी भाईचारा, प्रेम और सद्भाव बनाए रखने के लिए ऐसे आयोजनों की बड़ी भूमिका होती है। श्री संडा ने कहा कि समाजवादी विचारधारा हमेशा लोगों को जोड़ने और जरूरतमंदों की सेवा करने का संदेश देती रही है।
कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने प्रदेश और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘सड़क पर नमाज’ और ‘जनसंख्या नियंत्रण’ संबंधी बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए संडा ने कहा कि मुख्यमंत्री की भाषा उनके पद के अनुरूप नहीं होती। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह के बयान समाज में विभाजन और सांप्रदायिक तनाव पैदा करते हैं।
श्री संडा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने संविधान और धर्मनिरपेक्ष मूल्यों की रक्षा की शपथ ली है, इसलिए उन्हें सभी वर्गों की भावनाओं का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्षों से एक ही प्रकार की बयानबाजी दोहराई जा रही है, जबकि सरकार को अपने सुशासन के दावों पर ध्यान देना चाहिए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा नेताओं पर निशाना साधते हुए सपा प्रवक्ता ने कहा कि जनता के मुद्दों की बजाय दिखावटी राजनीति पर अधिक जोर दिया जा रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कुछ नेता साइकिल से चलने का प्रदर्शन करते हैं, जबकि पीछे गाड़ियों का लंबा काफिला चलता है।
श्री संडा ने केंद्र सरकार की विदेश नीति पर भी सवाल उठाए और कहा कि सरकार जमीनी समस्याओं से ध्यान हटाने का प्रयास कर रही है।राज्य सरकार को ‘पेपर लीक सरकार’ बताते हुए संडा ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार गड़बड़ियां सामने आ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नौजवानों और बेरोजगारों का सबसे अधिक शोषण इसी सरकार में हुआ है।
उन्होंने कहा कि सरकार सुशासन और भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस का दावा करती है, लेकिन वास्तविकता इससे अलग दिखाई देती है। संडा ने आरोप लगाया कि हर परीक्षा में पेपर लीक की घटनाओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।भंडारे के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के सांसद राम भुवाल निषाद, विधायक ताहिर खान, सपा के जिला उपाध्यक्ष अशोक वर्मा, वीरेंद्र मौर्या, भाजपा एमएलसी शैलेन्द्र प्रताप सिंह, पूर्व लोकसभा प्रत्याशी शकील अहमद, पूर्व जिलाध्यक्ष पृथ्वीपाल यादव, मकसूद आलम ,पूर्व विधायक सफदर रजा, जिला महासचिव सलाहुद्दीन, प्रदेश सचिव तेजिंदर सिंह बग्गा, जिला पंचायत सदस्य ज्ञान प्रकाश यादव, पूर्व जिला पंचायत सदस्य डॉ. उदयनाथ यादव, ओम प्रकाश वर्मा, पूर्व प्रधान त्रियुगी यादव, पिछड़ा वर्ग के प्रदेश सचिव, जिलाध्यक्ष देवतादीन निषाद, राम मिलन यादव, प्रधान अंजनी यादव , यादव महासभा जिलाध्यक्ष दयाराम यादव, डॉ कप्तान दूबे, जमीरुद्दीन हाशमी, जयंत यादव टोनी, विजय यादव एडवोकेट, जिला सचिव डॉ. सुरेश यादव, राम उजागिर यादव, विधान सभा अध्यक्ष स्वामीनाथ यादव, श्यामलाल निषाद, अंजनी कुमार कसौधन, अरुण जयसवाल, सुमित त्रिपाठी, सुनील अग्रहरि, मनीष दुबे,अनूप यादव, संतोष यादव, मानसिंह, जंगी प्रजापति समेत सुल्तानपुर एवं इसौली विधानसभा क्षेत्र के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।




