होम छत्तीसगढ़ सौरभ चंद्राकर का प्रत्यर्पण बहुत देर से : दीपक बैज

सौरभ चंद्राकर का प्रत्यर्पण बहुत देर से : दीपक बैज

0

रायपुर, 03 नवंबर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने महादेव सट्टा एप मामले में सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत लाए जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह कार्रवाई बहुत देर से हुई है।

     श्री बैज ने आज यहां जारी बयान में इसका श्रेय पूर्ववर्ती भूपेश बघेल सरकार के प्रयासों को देते हुए कहा कि महादेव सट्टा एप के खिलाफ पहली एफआईआर से लेकर 72 एफआईआर दर्ज करने, 500 से अधिक गिरफ्तारियां और जब्तियां करने तथा सौरभ चंद्राकर एवं रवि उप्पल के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी कराने जैसी कार्रवाई कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हुई थी। उन्होंने सवाल किया कि रवि उप्पल और शुभम सोनी को भारत कब लाया जाएगा।

      श्री बैज ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव के पहले भाजपा ने महादेव सट्टा एप को लेकर खूब प्रचार किया, लेकिन सत्ता में आने के तीन साल बाद भी यह एप पूरी तरह बंद नहीं हुआ है। आज भी सोशल मीडिया पर इसके विज्ञापन दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार के अनुरोध पर ही महादेव एप को गूगल प्ले स्टोर से हटाया गया था और ऑनलाइन गेमिंग सट्टे के खिलाफ सख्त कानून बनाया गया था।

      कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि महादेव सट्टा मामले में कई प्रभावशाली लोगों के नाम सामने आने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने प्रधानमंत्री कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारी हीरेन जोशी, वित्त आयोग के सदस्य हितेश जैन और प्रसार भारती के अध्यक्ष नवनीत सहगल की कथित भूमिका पर सवाल उठाते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की। उन्होंने दावा किया कि पिछले तीन वर्षों में रेड्डी अन्ना, फेयरप्ले, लोटस 365, स्काईएक्सचेंज सहित कई ऑनलाइन सट्टा प्लेटफॉर्म सक्रिय हुए हैं।

      बैज ने 2023 के विधानसभा चुनाव के दौरान महादेव सट्टा मामले को लेकर भाजपा और जांच एजेंसियों पर राजनीतिक षड्यंत्र रचने का आरोप भी लगाया। उन्होंने शुभम सोनी के कथित वीडियो और भाजपा नेता के नाम पर पंजीकृत इनोवा गाड़ी से नकदी बरामद होने के दावों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि महादेव सट्टा प्रकरण अब केवल छत्तीसगढ़ तक सीमित नहीं रहा है, बल्कि इसमें बड़े राजनीतिक और प्रशासनिक लोगों की कथित भूमिका की भी गंभीरता से जांच होनी चाहिए।