होम खास ख़बर चुनाव आयोग ने उप राष्ट्रपति के चुनाव की तैयारियां की शुरू

चुनाव आयोग ने उप राष्ट्रपति के चुनाव की तैयारियां की शुरू

0

नई दिल्ली 23 जुलाई। चुनाव आयोग ने उप राष्ट्रपति पद से जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के बाद इस पद के लिए निर्वाचन की तैयारियां शुरू कर दी हैं।

   आयोग की आज जारी विज्ञप्ति के अनुसार आयोग ने चुनाव कार्यक्रम घोषित किए जाने से पहले निर्वाचक मंडल की सूची तैयार करने , रिटर्निंग ऑफिसर तथा सहायक रिटर्निंग ऑफिसर तय करने और उप राष्ट्रपति पद के लिए पूर्व में हुए सभी चुनावों से संबंधित सामग्री जुटाने और उसकी जानकारी देने का काम शुरू कर दिया है।

   आयोग के अनुसार गृह मंत्रालय मंगलवार को एक गजट अधिसूचना के जरिए श्री जगदीप धनखड़ के उप राष्ट्रपति पद से इस्तीफे की सार्वजनिक सूचना जारी कर चुका है। आयोग को संविधान के अनुच्छेद 324 के अंतर्गत इस पद के लिए चुनाव कराने का दायित्व प्राप्त है। उप राष्ट्रपति का चुनाव राष्ट्रपति तथा उपराष्ट्रपति चुनाव अधिनियम 1952 तथा तत्सम्बंधी 1974 के नियमों द्वारा निर्देशित होता है।

    उप राष्ट्रपति के चुनाव के लिए निर्वाचक मंडल में संसद के दोनों सदनों, राज्यसभा और लोक सभा के सभी सदस्य शामिल होते हैं।