MainSlideछत्तीसगढ़

चावल के परिवहन में तेजी लाने का मुख्य सचिव ने दिया निर्देश

रायपुर, 28 दिसम्बर।छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने कस्टम मिलिंग के लिए अनुबंधित मिलो की पूरी मिलिंग क्षमता के साथ धान की मिलिंग करने और एफसीआई के निर्धारित रैक पाइंट तक पहुंचाने के निर्देश दिए है।

श्री जैन ने चालू खरीफ विपणन वर्ष में खाद्यान्न भण्डारण की व्यवस्था तथा खाद्यान्न के परिवहन के लिए कार्ययोजना बनाने के संबंध में आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आहूत बैठक में यह निर्देश देते हुए कहा कि आगामी दिनों में एफसीआई के गोदामों में प्रतिदिन 15 हजार मीट्रिक टन चावल जमा करना सुनिश्चित किया जाए। एफसीआई को चावल के परिवहन के लिए जनवरी माह में भी रैक की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश राज्य स्तरीय नोडल अधिकारी को दिए गए है।

उन्होने चावल के परिवहन के लिए रेलवे द्वारा उपलब्ध रैक के अतिरिक्त समान खाली कर वापस जाने वाले कॉनकॉर (कंटेनर कार्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड) के कंटेनर का भी उपयोग करने का सुझाव दिया है। उन्होंने चावल के अधिक मात्रा में परिवहन के लिए चिन्हित जिलों के आस-पास रेलवे के लिए अतिरिक्त रैक पाइंट निर्धारित करने कहा है।

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि भारतीय खाद्य निगम में चावल के परिवहन के लिए रेलवे के द्वारा पर्याप्त रूप से रैक उपलब्ध कराया जा रहा है। अब तक एफसीआई में कुल एक लाख 97 हजार 604 मीट्रिक टन और नॉन में 92 हजार 683 मीट्रिक टन चावल जमा किया जा चुका है। आगामी दिनों में चावल जमा करने की गति में तेजी लायी जाएगी।

Related Articles

Back to top button