Thursday , February 12 2026

सिक्किम के पत्रकारों से मिले मुख्यमंत्री साय, विकास मॉडल और योजनाओं पर किया संवाद

रायपुर, 12 फरवरी। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने निवास कार्यालय में सिक्किम से अध्ययन भ्रमण पर आए पत्रकारों के दल से मुलाकात कर राज्य के विकास मॉडल, जनकल्याणकारी योजनाओं और औद्योगिक प्रगति पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने अतिथियों का राजकीय गमछा भेंट कर स्वागत किया।

  श्री साय ने पत्रकारों के दल को बताया कि छत्तीसगढ़ 44 प्रतिशत वन क्षेत्र से आच्छादित है और 31 प्रतिशत जनसंख्या जनजातीय समुदाय की है। वनोपज संग्रहण, मूल्य संवर्धन और ‘जशप्योर’ जैसे ब्रांड के माध्यम से स्व-सहायता समूहों की महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं। तेंदूपत्ता संग्रहण पर 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा भुगतान और चरण पादुका योजना के तहत निःशुल्क चप्पल वितरण किया जा रहा है।

   उन्होंने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि अब तक हजारों जोड़ों का विवाह इस योजना के तहत संपन्न हुआ है। हाल ही में छह हजार से अधिक जोड़ों का सामूहिक विवाह गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ। योजना के तहत नवदंपतियों को 35 हजार रुपये की आर्थिक सहायता एवं 15 हजार रुपये सामग्री सहयोग दिया जाता है।

  नक्सलवाद का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार के प्रयासों से स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को 50 हजार रुपये सहायता और तीन वर्ष तक 10 हजार रुपये मासिक प्रोत्साहन दिया जा रहा है। अब तक 2,500 से अधिक नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। जगदलपुर का ‘बस्तर पंडुम’ कैफे इसका उदाहरण है।

  उन्होंने ‘नियद नेल्ला नार’ योजना के तहत दूरस्थ क्षेत्रों में 17 शासकीय योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने, पर्यटन को बढ़ावा देने, होम स्टे को उद्योग का दर्जा देने तथा नवा रायपुर में 100 एकड़ में मेडिसिटी निर्माण की जानकारी भी दी। नई औद्योगिक नीति के तहत राज्य को लगभग 8 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। चित्रोत्पला फिल्म सिटी की स्थापना से फिल्म उद्योग को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

  सिक्किम की पत्रकार सुश्री अर्चना प्रधान ने भिलाई स्टील प्लांट सहित प्रदेश की औद्योगिक इकाइयों का अवलोकन कर छत्तीसगढ़ के औद्योगिक सामर्थ्य की सराहना की। पत्रकारों ने प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विविधता और आत्मीय आतिथ्य को प्रभावित करने वाला बताया।

  पत्रकारों ने मुख्यमंत्री को सिक्किम की पारंपरिक ‘थांका’ पेंटिंग भेंट की, जिसे मुख्यमंत्री ने सांस्कृतिक आदान-प्रदान का प्रतीक बताया। पांच दिवसीय भ्रमण के दौरान दल ने भिलाई स्टील प्लांट, गेवरा ओपन माइंस, नवा रायपुर और जनजातीय संग्रहालय का भी अवलोकन किया।

  इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा, मुख्यमंत्री के सलाहकार आर. कृष्णा दास एवं मुख्यमंत्री के प्रेस अधिकारी आलोक सिंह भी मौजूद थे।