MainSlideछत्तीसगढ़ब्रेकिंग न्यूजराज्य

छत्तीसगढ़ में AI आधारित शिक्षा की शुरुआत, रायपुर से “AI सक्षम शिक्षा अभियान” लॉन्च

रायपुर, 9 अप्रैल।छत्तीसगढ़ में शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक तकनीकों से जोड़ने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। राज्य सरकार ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए “AI सक्षम शिक्षा अभियान” की शुरुआत की है, जिसका पायलट प्रोजेक्ट रायपुर जिले से शुरू किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से राजधानी स्थित मुख्यमंत्री निवास में Google for Education इंडिया के प्रमुख संजय जैन और Google India के पब्लिक पॉलिसी प्रमुख राजेश रंजन ने सौजन्य भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अतिथियों का पारंपरिक स्वागत करते हुए उन्हें शॉल और बस्तर कला की प्रतिकृति भेंट की।

बैठक के दौरान संजय जैन ने जानकारी दी कि रायपुर जिला प्रशासन और गूगल के बीच हुए लेटर ऑफ इंटेंट (LOI) के तहत इस अभियान की शुरुआत की गई है। इसका उद्देश्य स्कूल शिक्षा में AI आधारित नवाचारों को बढ़ावा देना है।

उन्होंने बताया कि “सक्षम शिक्षक अभियान” के माध्यम से प्रदेश के शिक्षकों को आधुनिक डिजिटल टूल्स और AI आधारित शिक्षण पद्धतियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस पहल के पहले चरण की शुरुआत रायपुर से होगी, जिसे बाद में पूरे राज्य में विस्तार दिया जाएगा।

कार्यक्रम के तहत राज्य में 2 लाख से अधिक शिक्षकों को AI प्रमाणन देने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए गूगल फॉर एजुकेशन अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म को निःशुल्क उपलब्ध कराएगा, जिससे शिक्षकों को तकनीकी रूप से सशक्त बनाया जा सके।

प्रारंभिक चरण में 200 शिक्षकों के लिए विशेष कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें गूगल के शैक्षणिक टूल्स का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही, कक्षा शिक्षण में AI के प्रभावी उपयोग और विद्यार्थियों के सीखने के परिणामों को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तकनीक-सक्षम और नवाचार आधारित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि AI जैसी आधुनिक तकनीकों को शिक्षा से जोड़ना प्रदेश के विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि “AI सक्षम शिक्षा अभियान” शिक्षकों और विद्यार्थियों दोनों के लिए परिवर्तनकारी साबित होगा। इससे शिक्षण पद्धति में गुणात्मक सुधार आएगा और विद्यार्थियों में नए युग के कौशल विकसित होंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य छत्तीसगढ़ को एक ज्ञान-आधारित और तकनीकी रूप से सशक्त राज्य के रूप में स्थापित करना है, जहां हर विद्यार्थी को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा उपलब्ध हो। यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और डिजिटल इंडिया के दृष्टिकोण के अनुरूप है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सचिव मुकेश बंसल, रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button