दुर्ग, 12 मई। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक बेहद दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसा कुम्हारी थाना क्षेत्र के खपरी गांव में हुआ, जहां एक मकान में अचानक गैस सिलेंडर फटने से भीषण आग लग गई। मृतकों में एक चार वर्षीय मासूम बच्ची भी शामिल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खपरी गांव स्थित एक घर में अचानक तेज धमाके के साथ गैस सिलेंडर ब्लास्ट हो गया। धमाका इतना जोरदार था कि देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। घर के अंदर मौजूद परिवार के सदस्य बाहर निकलने का मौका भी नहीं पा सके और आग में जिंदा जल गए।
हादसे में अनिल वैष्णव (45 वर्ष), चांदनी वैष्णव (18 वर्ष), लक्ष्मी वैष्णव (20 वर्ष) और गोपिका वैष्णव (4 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी विकराल थी कि किसी को बचाया नहीं जा सका।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इसके बाद घर के भीतर से चारों शव बरामद किए गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।
घटना की जानकारी मिलते ही सांसद विजय बघेल, शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल, एसएसपी विजय अग्रवाल, कलेक्टर अभिजीत सिंह सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।




