रायपुर, 29 अक्टूबर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरुवार को राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास से वर्चुअल माध्यम से सरगुजा अंचल में आयोजित जनजातीय समाज के महान जननायक एवं प्रख्यात अभियंता बाबा कार्तिक उरांव के जन्मशताब्दी समारोह में सहभागिता की।
इस अवसर पर उन्होंने बाबा कार्तिक उरांव की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया और शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय, डिगमा, अंबिकापुर का नाम बदलकर ‘अभियंता बाबा कार्तिक उरांव छत्तीसगढ़ इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, अंबिकापुर’ करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा कार्तिक उरांव का जीवन शिक्षा, संघर्ष, सामाजिक चेतना और जनजातीय समाज के स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने अपना जीवन जनजातीय समुदाय में शिक्षा के प्रसार, सामाजिक जागरूकता तथा सांस्कृतिक पहचान के संरक्षण के लिए समर्पित किया। उनके विचार और आदर्श आने वाली पीढ़ियों को शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा देते रहेंगे।
श्री साय ने कहा कि बाबा कार्तिक उरांव उच्च शिक्षित अभियंता और दूरदर्शी विचारक होने के साथ जनजातीय समाज के अधिकारों के सजग प्रहरी भी थे। उन्होंने लोकसभा सांसद के रूप में जनजातीय समुदाय की समस्याओं, संवैधानिक अधिकारों और सांस्कृतिक पहचान से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके नाम पर इंजीनियरिंग संस्थान का नामकरण विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा और तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को सम्मानित करेगा।
मुख्यमंत्री ने सीतापुर क्षेत्र में सोनतराई से सूर तक लगभग 3.82 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क निर्माण का भूमिपूजन किया। इस परियोजना पर 28 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जाएंगे। सड़क बनने से सीतापुर नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम एवं सुरक्षित होगा। साथ ही व्यापारिक और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन द्वारा नवनिर्मित महिला एनजीओ मेस भवन, उदयपुर में 12 अराजपत्रित अधिकारी आवास और 12 प्रधान आरक्षक एवं आरक्षक आवासों तथा थाना सीतापुर में 12 प्रधान आरक्षक एवं आरक्षक आवासीय भवनों का लोकार्पण भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस अधिकारियों और जवानों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। नए भवनों से पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को सुविधाजनक आवासीय वातावरण मिलेगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, तकनीकी सुविधाओं और अधोसंरचना के विकास के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि युवाओं को बेहतर अवसर मिलें और वे प्रदेश तथा देश की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।




