नई दिल्ली, 29 अक्टूबर। कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाले INDIA ब्लॉक के मार्च में शामिल होने के लिए लोगों से अपील की है।
श्री गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वीडियो संदेश जारी कर इस मार्च को लोकतंत्र और संविधान की रक्षा तथा कथित वोट चोरी के खिलाफ आंदोलन बताया। इस बीच, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने भी मार्च को समर्थन देने की घोषणा की है और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई है।
राहुल गांधी ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि यह मार्च किसी एक राजनीतिक दल का कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए व्यापक जनआंदोलन है। उन्होंने इसे ‘हिंदुस्तान की आत्मा का मार्च’ बताते हुए लोगों से बड़ी संख्या में इसमें शामिल होने की अपील की।
उन्होंने मार्च में शामिल होने वाले लोगों से पुलिस या लाठीचार्ज की आशंका से नहीं डरने का आग्रह किया। राहुल गांधी ने अपने संदेश में कहा कि संविधान और भारतीय राष्ट्र की रक्षा के लिए सभी को एकजुट होकर आगे आना चाहिए। इस दौरान उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर भी निशाना साधा।
CJP ने भी दिया INDIA ब्लॉक की रैली को समर्थन
दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को प्रस्तावित मार्च को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने भी समर्थन दिया है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने 28 अक्टूबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी घोषणा की।
पार्टी ने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक के मतदान के अधिकार की रक्षा करना लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियादी जरूरत है। CJP ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान मतदाता सूची से पात्र मतदाताओं के नाम हटाए जाने की आशंका पर चिंता जताई है।
पार्टी का कहना है कि मतदाता सूची में संशोधन की प्रक्रिया के दौरान यदि पात्र मतदाताओं के नाम हटते हैं, तो यह लोकतांत्रिक प्रक्रिया और मतदान के अधिकार से जुड़ा गंभीर मुद्दा होगा। इसी संदर्भ में CJP ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी दोहराई है।




