MainSlideराजनीति

झारखंड में तीसरे और चौथे चरण का प्रचार अभियान ने पकड़ा जोर

रांची 08 दिसम्बर।झारखंड विधानसभा चुनाव के तीसरे और चौथे चरण का प्रचार अभियान जोर पकड़ता जा रहा है।

तीसरे चरण में आठ जिलों की 17 सीटों पर 12 दिसम्बर को वोट डाले जाएंगे, वहीं चौथे चरण में चार जिलों के 15 निर्वाचन क्षेत्रों में 16 दिसम्‍बर को मतदान होगा। दो चरणों का मतदान समाप्‍त होने के बाद सभी दल आगामी तीन चरणों की शेष 48 सीटों पर ध्‍यान केंद्रित कर रहे हैं। इस बीच, प्रदेश के सभी क्षेत्रीय और राष्‍ट्रीय दल अपने-अपने चुनाव प्रचार में तेजी ला रहे हैं।

सभी दलों के स्‍टार प्रचारक और वरिष्‍ठ नेता रैलियों और जनसभाओं को संबोधित कर रहे हैं। भाजपा के वरिष्‍ठ नेता और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह मधुपुर, झरिया और बिरनी में जनसभाओं को संबोधित कर रहे हैं।वहीं केन्‍द्रीय मंत्री स्‍मृति ईरानी भी कई रैलियों को संबोधित कर रही हैं।

भाजपा के राष्‍ट्रीय प्रवक्‍ता सुधांशु त्रिवेदी ने रांची में दावा किया कि राज्‍य में केवल भाजपा ही सुशासन उपलब्‍ध करा सकती है।बोकारो में एक सभा के दौरान झारखंड विकास मोर्चा के प्रमुख बाबू लाल मंराडी ने सत्‍ता में  आने पर सभी गरीब और पिछड़ों के लिए शिक्षा उपलब्‍ध कराने का वादा किया। वहीं झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्‍यक्ष हेमंत सोरेन ने कहा कि उनका गठबंधन सत्‍ता में आने पर जनजातीय  लोगों के लिए नीतियों का निर्माण करेगा।

Related Articles

Back to top button