Monday , February 2 2026

हेमन्त सोरेन ने ली झारखण्ड के मुख्यमंत्री पद की शपथ

रांची 29 दिसम्बर।झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता हेमन्‍त सोरेन ने आज यहां राज्‍य के 11वें मुख्‍यमंत्री के रूप में शपथ ली।

राज्‍यपाल द्रौपदी मुर्मू ने रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित समारोह में श्री सोरेन को पद और गोपनीयता की शपथ दिलायी। झारखंड मुक्ति मोर्चा नेता राज्‍य में कांग्रेस और राष्‍ट्रीय जनता दल के साथ गठबंधन सरकार का नेतृत्‍व कर रहे हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्‍यक्ष डॉक्‍टर रामेश्‍वर ओरांव और झारखंड विधानसभा के पूर्व-अध्‍यक्ष आलमगीर आलम तथा राष्‍ट्रीय जनता दल के विधायक सत्‍यानंद भोक्‍ता ने भी मुख्‍यमंत्री के साथ कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली।शपथग्रहण समारोह में पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी,पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी.राजद नेता तेजस्वी यादव,आम नेता संजय सिंह सहित विपक्ष के तमाम दिग्गज नेता मौजूद थे।

शपथ ग्रहण के बाद मंत्रिमंडल की पहली बैठक में छह जनवरी से विधानसभा का सत्र बुलाने के साथ और कई महत्‍वपूर्ण फैसले किये गए।शपथ ग्रहण समारोह के बाद नए मंत्रिमंडल की प्रथम बैठक आज आयोजित की गई जिसमें तीन प्रस्‍तावों को मंजूरी दी गई है।वरिष्‍ठ नेता स्‍टीफन मरांडी के नाम की प्रोटेम स्‍पीकर के रूप में अनुशंसा की गई है और पथलगढ़ी आंदोलन के दौरान सभी मामलों को वापस लेने के लिए आवश्‍यक कार्यवाई का निर्देश दिया गया है।