MainSlideछत्तीसगढ़

जन घोषणा पत्र पर अमल के लिए मुख्य सचिव 20 दिसम्बर को लेंगे बैठक

रायपुर 18 दिसम्बर।छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश पर राज्य सरकार के अधिकारियों ने सत्तारूढ़ कांग्रेस के जन घोषणा पत्र के क्रियान्वयन की तैयारी शुरू कर दी है।

मुख्य सचिव अजय सिंह इस सिलसिले में 20 दिसम्बर को सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक लेंगे।बैठक में अपर मुख्य सचिवों, प्रमुख सचिवों और सचिवों तथा स्वतंत्र प्रभार वाले विशेष सचिवों को उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।

सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी परिपत्र में इन सभी वरिष्ठ अधिकारियों से कहा गया है कि जन घोषणा पत्र के आधार पर विभागों से संबंधित योजना और कार्यक्रमों के क्रियान्वयन के लिए समुचित कार्ययोजना तैयार की जाए।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कल शाम शपथ ग्रहण के बाद मंत्रालय पहुंचकर वरिष्ठ अधिकारियों की पहली अनौपचारिक बैठक में मुख्य सचिव को जन घोषणा पत्र की प्रति सौंपी थी।उन्होंने मुख्य सचिव को जन घोषणा पत्र पर अमल के लिए त्वरित कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए थे।

Related Articles

Back to top button