Friday , February 27 2026

संसद में आज भी गतिरोध जारी रहा

नई दिल्ली 05 अगस्त।पेगासस जासूसी, कृषि कानून और अन्य मुद्दों पर सरकार और विपक्ष के अपने अपने रुख पर अड़े रहने के चलते संसद में आज भी गतिरोध जारी रहा। दोनों सदनों की कार्यवाही बारबार स्थगित किए जाने के बाद अंत में दिनभर के लिए स्थगित करनी पड़ी।

लोकसभा की बैठक चौथे स्थगन के बाद पांच बजे फिर शुरू हुई तो वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने कराधान कानून संशोधन विधेयक 2021 पेश किया। कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने पेगासस जासूसी मुद्दा उठाने का प्रयास किया और इस पर बहस की मांग की। कांग्रेस,टीएमसी और डीएमके सहित विपक्षी सदस्य फिर से अध्यक्ष के आसन के सामने आ गए और नारेबाजी जारी रखी।

हंगामा जारी रहते सदन की बैठक दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई। इससे पहले टीएमसीसांसद सौगत राय ने दिल्ली में एक दलित लड़की के साथ दुष्कर्म और उसकी हत्या का मामला उठाने का प्रयास किया लेकिन पीठासीन अधिकारी ने इसकी अनुमति नहीं दी।