होम खास ख़बर उ.प्र. समेत पांचो राज्यों में राजनीतिक गतिविधियां हुई तेज

उ.प्र. समेत पांचो राज्यों में राजनीतिक गतिविधियां हुई तेज

0

नई दिल्ली 29 जनवरी।उत्‍तर प्रदेश, गोवा, उत्‍तराखंड, पंजाब और मणिपुर में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं और विधानसभा चुनाव प्रचार भी जोर पकड रहा है।

विभिन्‍न दलों के दिग्‍गज नेता चुनाव प्रचार कर रहे हैं। घर-घर जाकर चुनाव प्रचार और मतदाताओं से वर्चुअल अपील कासिलसिला भी जारी है। सभी पार्टियों के नेता चुनावी रणनीति तय करने के लिए  बैठकें कर रहे हैं और उम्‍मीदवारों की सूची को अंतिम रूप दे रहे हैं।

उत्‍तर प्रदेश में चुनावों के पहले चरण के लिए परिदृश्‍य साफ हो गया है। ज्‍यादातर सीटों पर बहुकोणीय मुकाबला है।इस चरण की 58 सीटों पर 627 उम्‍मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इस चरण का मतदान दस फरवरी को होगा।

उत्‍तर प्रदेश में 14 फरवरी को होने वाले दूसरे चरण में 55 सीटों पर चुनाव होंगे। इसी चरण में गोवा की सभी 40 और उत्‍तराखंड की 70 सीटों के लिए भी मतदान होगा। इन राज्‍यों में नामांकन पत्रों की जांच आज की गई। नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 31 जनवरी है। इस चरण के लिए उत्‍तर प्रदेश में 794 नामांकन पत्र भरे जा चुके हैं। गोवा में 587 और उत्‍तराखंड में 750 नामांकन पत्र दाखिल हुए हैं।

उत्‍तर प्रदेश में तीसरे चरण और पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन पहली फरवरी तक होगा और अगले दिन नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। कल शाम तक इस चरण के लिए उत्‍तरप्रदेश में 98 नामांकन और पंजाब में 302 नामांकन भरे जा चुके हैं। उत्‍तरप्रदेश विधानसभा चुनाव के चौथे चरण के लिए नामांकन प्रक्रिया चल रही है और कल शाम तक 35 पर्चे भरे जा चुके हैं। इस चरण में 59 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान 23 फरवरी को होगा।