MainSlideदेश-विदेश

देश के उत्तरी भागों में कड़ाके की ठंड से जनजीवन प्रभावित

नई दिल्ली 22 दिसम्बर।देश के उत्‍तरी भागों में कड़ाके की ठंड और कोहरा छाए रहने से कई इलाकों में रेल और सड़क यातायात प्रभावित हुआ है।

राजधानी में आज सवेरे दूसरी बार तापमान चार डिग्री सेल्सियस रहा जो पिछले चार वर्षों में सबसे कम है।इस मौसम में चौथी बार दिल्‍ली में आज प्रदूषण के कारण वायु की गुणवत्‍ता बहुत खराब रही।मौसम विभाग ने कहा कि देश के उत्‍तर-पश्चिम इलाकों में शीतलहर के कारण तापमान में गिरावट आई है।

हरियाणा के करनाल में तापमान शून्‍य डिग्री रहा जो सामान्‍य से सात डिग्री कम है।पंजाब में आदमपुर सबसे अधिक ठंडा रहा, जहां न्‍यूनतम तापमान दूसरे दिन भी शून्‍य से दो डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।हिमाचल प्रदेश में जनजातीय जिले लाहौल और स्‍पीति के प्रशासनिक मुख्‍यालय केलौंग में पारा शून्‍य से आठ डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।

जम्‍मू कश्‍मीर में भी शीतलहर का प्रकोप जारी है। लद्दाख क्षेत्र में लेह में इस मौसम की सबसे ठंडी रात रही। लेह में कल रात न्‍यूनतम तापमान शून्‍य से नीचे 15 दशमलव आठ डिग्री सेल्सियस रहा। श्रीनगर में न्‍यूनतम तापमान शून्‍य से नीचे पांच दशमलव चार डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

Related Articles

Back to top button